Meerut Crime Report: गलत ऑपरेशन करने पर रिपोर्ट दर्ज, PM आवास योजना के नाम पर महिलाओं से 19 लाख की ठगी
Meerut Crime Update: मेरठ से पिछले 24 घंटे की ताजा खबरें पढ़ने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ।
विस्तार
ओडियन सिनेमा स्थित प्रियंका समेत काफी महिलाएं एसएसपी आफिस पहुंची। उन्होंने एसएसपी रोहित सिंह सजवाण को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया कि दो साल पहले जैन नगर स्थित एक जनसेवा केंद्र संचालक ने प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान दिलाने के नाम पर 22 महिलाओं से 80-90 हजार रुपये ले लिए। एक साल बीतने के बाद जब उनका मकान नहीं मिल सका तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की। इसके बाद जन सेवा केंद्र संचालक दुकान बंद करके भाग गया। एसएसपी ने ब्रह्मपुरी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
मेरठ के भारत हॉस्पिटल में मरीज का गलत ऑपरेशन करने और उसे धमकाने के मामले में पुलिस ने डॉक्टर समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। निवाड़ा गांव के रहने वाले गय्यूर ने आईजी को दी तहरीर में बताया कि 2021 में उसकी पत्नी शाहजहां की पित्त की थैली का ऑपरेशन मेरठ के तेजगढ़ी रोड़ स्थित भारत हॉस्पिटल में कराया गया था। आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उसकी पत्नी की सीवीडी काटकर गलत जोड़ दी। जिसकी अस्पताल से छुट्टी होने के बाद पेट में इन्फेक्शन हो गया। आरोप लगाया कि इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो डॉक्टर पक्ष ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
चोरी का माल खरीदने वाला सराफ पकड़ा
शामली शहर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक चोर पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। चोरों के कब्जे से चोरी के 39 हजार रुपये, सोने चांदी के गहने, दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद की है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में मोहल्ला तारापुरी थाना ब्रह्मपुरी मेरठ निवासी सराफ सलमान को गिरफ्तार किया है। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले बदमाश चोरी का माल बेचने के लिए बिना नंबर की बाइक से सिंभालका बाईपास से होकर मेरठ जा रहे हैं। पुलिस ने बिना नंबर की बाइक पर दो लोगों को रुकने का इशारा किया तो वे भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया तो चोरों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक चोर पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
जीटीबी के प्रधानाचार्य को धमकी देने वाला गिरफ्तार
वेस्ट एंड रोड स्थित गुरु तेग बहादुर स्कूल के प्रधानाचार्य को रजिस्टर्ड डाक से पत्र भेजकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने प्रगति नगर महावीर वाली गली सिविल लाइन निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग हरवंश लाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का बेटा भी जीटीबी में अध्यापक है, जिसका विवाद स्कूल मैनेजमेंट और प्रधानाचार्य से चल रहा है।
कंकरखेड़ा गोविंदपुरी निवासी जीटीबी के प्रधानाचार्य डॉ. कर्मेन्द्र सिंह को 20 जनवरी को रजिस्टर्ड डाक से मिले पत्र में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए चेतावनी दी गई थी कि अगर इस माह के अंत तक उन्होंने प्रधानाचार्य पद से त्यागपत्र नहीं दिया तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद वह एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से मिले थे। एसएसपी के आदेश पर सदर बाजार पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद हरवंश लाल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका पुत्र गौरव जीटीबी में अध्यापक है। उसका स्कूल मैनेजमेंट व प्रधानाचार्य से मनमुटाव चल रहा था, जिसकी चर्चा गौरव अपने घर पर रोजाना कर रहा था। विवाद से क्षुब्ध होकर हरवंश लाल ने प्रधानाचार्य को धमकी भरा पत्र भेज दिया। सदर बाजार एसओ शशांक द्विवेदी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का धन्यवाद। इतनी जल्दी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। शिक्षक इस तरह से अपना स्तर गिरा लेंगे, ऐसी उम्मीद नहीं थी। पुलिस प्रशासन ने जो कार्रवाई की है, उससे हम पूरी तरह संतुष्ट हैं। शिक्षक गौरव ने खुद अपने इस्तीफे का नोटिस दे दिया है। - डाॅ. कर्मेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य, गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल
सात के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
दहेज में 10 लाख रुपये व कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों में शादी के दो माह बाद ही मारपीट कर घर से निकाल दिया। कैलाशपुरी निवासी पूजा शर्मा ने बताया कि उसकी शादी पिछले वर्ष अमित सिंह से हुई थी।
शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले दहेज में 10 लाख रुपये और कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर शादी के दो माह बाद ही घर से निकाल दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पति अमित सिंह, ससुर अशोक सिंह, सास किरण देवी, ताई संतोष, ताऊ मदनपाल, पूजा सिंह जिठानी और जेठ मोहित सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जेठ ने किया दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट से गर्भपात
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र की महिला ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महिला ने जेठ पर दुष्कर्म के प्रयास का भी आरोप लगाया है। मारपीट के चलते उसका गर्भपात भी हो गया। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के केले वाली कोठी के पास ग्रिल 90 रेस्टोरेंट में वेतन के पैसे मांगने पर मालिक ने वेटर की पिटाई कर दी। अब्दुल जहीन अलवी उर्फ मोनू निवासी का ग्रिल 90 रेस्टोरेंट है, जिसमें सुहेल निवासी घोसी मोहल्ला बीआई लाइन वेटर का काम करता है। सुहेल ने तीन महीने का वेतन जहीन अलवी से मांगा तो आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर उसे जमकर पीटा। इसके चलते उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में जहीन, हनीफ, रावत, रोहित समेत चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सदर बाजार एसओ शशांक द्विवेदी का कहना है कि जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग सप्लायर दबोचा, 20 ग्राम स्मैक बरामद
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को उनके ऑफिस पहुंचे एक शख्स ने सूचना दी थी कि ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में ईश्वरपुरी फूल मंडी में खुलेआम स्मैक बेची जा रही है। इसके बाद उन्होंने टीम को मौके पर भेजा। टीम ने ईश्वरपुरी जाटव गेट के रहने वाले विजय उर्फ मन्नी को स्मैक बेचते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 43 पुड़िया स्मैक बरामद की गईं, जिनका वजन 20 ग्राम था। विजय पहले भी एनडीपीएस के मामले में जेल जा चुका है।
छेड़छाड़ के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं
मवाना थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी की रहने वाली विवाहिता ने बुधवार को एसएसपी आफिस पहुंचकर आरोप लगाया कि 14 सितंबर को मवाना के पास एक गांव के रहने वाले युवक ने उसकी दुकान पर पहुंचकर छेड़छाड़ की। उसने आरोपी को थप्पड़ मारा तो उसने गोली चला दी। महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। महिला का कहना है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की और वह खुलेआम घूम रहा है। इतना ही नहीं वह उससे अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। वह उसकी उसकी हत्या भी कर सकता है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बिलाल एनकाउंटर की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू
मवाना में पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल बिलाल की इलाज के दौरान मौत के मामले की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू हो गई है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि मजिस्ट्रियल जांच के लिए एसडीएम मवाना को नामित किया गया है। जांच रिपोर्ट 30 दिन के भीतर देने के निर्देश दिए गए हैं। 18 जनवरी 2024 को मवाना के भैंसा गांव स्थित रजवाहे की पटरी पर पुलिस मुठभेड़ में बिलाल पुत्र अबरार निवासी मोहम्मद इस्लामनगर खतौली घायल हुआ था। उसे उपचार के लिए सीएचसी मवाना में भर्ती कराया गया। जहां से पीएल शर्मा जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया था। यहां इलाज के दौरान अगले दिन बिलाल की मौत हो गई थी। एसएसपी द्वारा पुलिस मुठभेड़ में अभियुक्त की हुई मृत्यु की मजिस्ट्रियल जांच कराने का अनुरोध किया गया था।