Meerut Crime Report: किशोरी से दुष्कर्म, हत्या के मामले में आरोपी को आजीवन कारावास, पढ़ें अपराध समाचार
मेरठ से पिछले 24 घंटे के अपराध के मुख्य समाचार पढ़ने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी से दुष्कर्म के बाद वीडियो वायरल कर दिया गया। इसके बाद से किशोरी ने बदनामी के डर से खुद को घर में कैद कर लिया है। पीड़िता के परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक किशोरी की मां ने बताया कि उनका परिवार बेहद गरीब है। गांव का एक युवक उसकी नाबालिग बेटी पर बुरी नजर रखने लगा। उसके मोबाइल नंबर पर काल कर परेशान करने लगा। आरोप है कि उसने प्रेम जाल में फंसाकर आठ अक्तूबर 2022 को गांव के खेत में किशोरी से दुष्कर्म किया।
इसके बाद भी धमकी देकर एक होटल में दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करता रहा। आरोप है कि युवक ने बीते 25 दिसंबर 2023 को किशोरी को नए साल पर होटल में चलने को कहा। बात न मानने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद किशोरी ने परिजनों को इस बारे में बताया। ऐसा करने पर युवक ने वीडियो वायरल कर दिया।
इससे पीड़िता और परिवार परेशान है। इस मामले में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने एसपी देहात को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
ट्रांसपोर्टर के घर में आग से लाखों का नुकसान
पल्लवपुरम की पुष्प विहार कॉलोनी में ट्रांसपोर्टर के घर में आग लग गई। इससे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हो गया। खाना बनाने के दौरान हादसा हुआ। आग का कारण सिलिंडर से गैस का लीक होना माना जा रहा है।
ट्रांसपोर्टर ओमकार यादव की भांजी की शादी तीन मार्च को है। भांजी की शादी के लिए उनकी बहन भात के लिए आई थी। मंगलवार रात को घर की रसोई में महिलाएं खाना बना रही थीं। ओमकार सामान लेने के लिए पास की दुकान पर गए थे। तभी सिलिंडर से गैस लीक होने से आग लग गई। अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया।
घर में रिश्तेदार और परिजन घबरा गए और घर से बाहर निकल गए। इसी दौरान ओमकार पहुंचे और किसी तरह जलते हुए सिलिंडर को खींचकर बाहर ले आए। सिलिंडर में गैस कम होने की वजह से आग बुझ गई। वहीं, आग लगने से रसोई और कमरे की दीवार का प्लास्टर और टाइल्स टूटकर गिर गईं।
ओमकार के बेटे की शादी भी 14 अप्रैल को है। इसके लिए वह कमरा तैयार कर रहे थे। यहां तक आग पहुंच गई थी। कमरे की खिड़की और अन्य जगहों पर भी शीशे टूटकर गिर गए। आग से दो लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। पल्लवपुरम इंस्पेक्टर जयप्रकाश यादव का कहना है कि आग लगने की सूचना नहीं मिली और न ही कोई शिकायत आई है।
ओएचई वायर चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
परतापुर में डेडिकेटेड फ्रेट काॅरिडोर स्थित लाइन पर ओएचई वायर चोरी मामले में पुलिस ने चार चोरों को हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही पर वायर बरामद कर लिया। एसएसपी का कहना है कि आरोपियों पर गैंगस्टर, एनएसए लगाया जाएगा।
एक सूचना पर सोमवार दोपहर मोहिउद्दीनपुर गेझा मार्ग पर पुलिस टीम ने दबिश दी और चार आरोपियों को पकड़ लिया। पकडे़ गए आरोपियो में आमिर पुत्र ओसफ अली निवासी कालंदी कुंज दिल्ली, जुनैद पुत्र आलम निवासी शाहीनबाग दिल्ली, मोहम्मद करीम पुत्र मोहम्मद युसुफ निवासी शाहीनबाग और अजीम पुत्र लियासत निवासी जस्सीपुरा गाजियाबाद है।
तीन आरोपी भाग निकले। इनमें शाहनवाज, उस्मान और सुएब शामिल हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि गैंग के खिलाफ गैंगस्टर एनएसए जैसी धाराएं लगाई जाएंगी ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
हल्द्वानी मामले में मुस्लिम लीग ने किया प्रदर्शन
हल्द्वानी में हिंसा के बाद कुछ लोगों पर कार्रवाई के विरोध में सोमवार को मुस्लिम लीग ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ज्ञापन देकर मांग की गई कि उत्तराखंड सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।
सोमवार को मुस्लिम लीग के पार्षद रिजवान अंसारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। पार्षद का कहना था कि उत्तराखंड में एक वर्ग के बेकसूर लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। उत्तराखंड सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए और वहां पर राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस फायरिंग में मरने वाले लोगों के परिजनों को मुआवजा दिया जाए।
हत्या के मामले में आरोपी को आजीवन कारावास
अपर जिला जज राजमंगल सिंह यादव ने हत्या के मामले में आरोपी इरशाद उर्फ भूरा को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 16 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी रहीसुद्दीन ने थाना लिसाड़ीगेट में मुकदमा दर्ज कराया कि उसकी आरोपी के साथ मारपीट हो गई थी। उसका बेटा 04.03.2009 को गायब हो गया था। तलाश करने पर भी नहीं मिला। दो दिन बाद बेटे का शव बरामद हुआ था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। न्यायालय में आरोपी ने कहा कि उसे झूठा फंसाया जा रहा है।
सरकारी वकील अमित धामा ने इसका कड़ा विरोध किया। न्यायालय ने पत्रावली पर मौजूद साक्ष्यों एवं गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी इरशाद उर्फ भूरा पुत्र अब्दुल मजीद को दोषी पाते हुए सजा सुनाई।
पुलिस ने शातिर चोर दबोचा
लोहियानगर पुलिस ने शातिर चोर फतेहउल्लापुर निवासी मोनू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास हजारों रुपये की नकदी और हाथ घड़ी बरामद की है। पुलिस ने उसके फरार साथी हुमायूंनगर निवासी दानिश उर्फ काला और हमजा की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर कृष्ण पाल सिंह का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
संपत्ति खरीदने के नाम पर ठगी मुकदमा दर्ज
रेलवे रोड पुलिस ने संपत्ति खरीदने के नाम पर ठगी का मामला दर्ज किया है। रेलवे रोड निवासी प्रमोद जैन ने तहरीर देकर बताया कि शताब्दी नगर निवासी राकेश ने संपत्ति दिलाने के नाम पर ठगी की है। आरोपी ने बताया कि खाते में 35 हजार और 50 हजार ट्रांसफर कराए गए। पीड़ित ने बताया कि राकेश उनके घर एक प्रोपर्टी के सिलसिले में आए थे। रेलवे रोड इंस्पेक्टर आनंद कुमार गौतम का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
मकान पर कब्जे के झगड़े में 11 पर मुकदमा दर्ज
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के शाहजहां काॅलोनी में बंद पड़े मकान पर कब्जे के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में एक-दूसरे पर लाडी-डंडों से हमला किया गया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। नामजद आरोपियों में आबिद, जावेद, अजरूद्दीन, आसिफ, आदिल, दानिश, उवैश, निशा, फरजाना, निशा, शबाना व सात अन्य भी शामिल किए गए हैं।
चीनी मांझे के साथ किया गिरफ्तार
कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित चीनी मांझे के साथ प्रमोद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक जाटान मोहल्ला निवासी प्रमोद को 15 लच्छे और 20 चकरी चीनी मांझे के साथ कसाई वाली मस्जिद चौराहे से पकड़ा गया। कोतवाली प्रभारी नरेश कुमार का कहना है कि यह मांझा बेचने वाले अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है।