फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime Report: Husband was in constable recruitment exam, wife hanged herself

Meerut Crime Report: पति दे रहा था सिपाही भर्ती परीक्षा, पत्नी ने लगाई फांसी, गणेशपुर में खूनी संघर्ष,13 घायल

Mon, 19 Feb 2024 04:35 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Mon, 19 Feb 2024 04:35 PM IST
सार

मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र के रोहटा रोड पर शांतिकुंज काॅलोनी में (27) नेहा चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं ससुराल वालों के उत्पीड़न से परेशान विवाहिता नहर में कूदकर आत्महत्या करने पहुंच गई। हालांकि समय रहते पुलिस ने उसे बचा लिया।

विज्ञापन
Meerut Crime Report: Husband was in constable recruitment exam, wife hanged herself
मेरठ क्राइम न्यूज - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र के रोहटा रोड पर शांतिकुंज काॅलोनी में (27) नेहा चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर पर फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिस समय पत्नी की मौत हुई, उस समय पति उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती की परीक्षा देने गया था।
विज्ञापन


धौलाना (हापुड़) निवासी 27 वर्षीय नेहा की शादी 10 महीने पहले अंकुश चौहान निवासी शांतिकुंज से हुई थी। रविवार को पति परीक्षा देने चला गया। सास सब्जी खरीदने गई थी। इसी दौरान नेहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालियों ने पुलिस और परिजनों को सूचना देकर बुलाया। 
विज्ञापन


पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। मृतका गर्भवती थी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा। टीपी नगर इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

सऊदी अरब से लौटा युवक जहरखुरानी गिरोह का शिकार 
सऊदी अरब से लौटा बिजनौर निवासी युवक मोहम्मद आदिल जहरखुरानी गिरोह के शिकार हो गए। गिरोह के सदस्यों ने रोडवेज बस में नशीला बिस्कुट खिलाकर उसके मोबाइल, पर्स, आठ हजार रियाल और पासपोर्ट चोरी कर लिए। 

पीड़ित के मोबाइल के जरिए जनसेवा केंद्र से पांच हजार रुपये निकाले। पेट्रोल पंप पर ट्रांजेक्शन करते हुए बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। 

बिजनौर के कस्बा किरतपुर के मोहल्ला बुद्धपाड़ा निवासी मोहम्मद आदिल पुत्र मोहम्मद अनवर सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। वह तीन फरवरी को सऊदी अरब से छुट्टी पर आया था। वह रात में दिल्ली से रोडवेज बस में बैठकर बिजनौर जा रहा था। रास्ते में किसी व्यक्ति ने उन्हें नशीला बिस्कुट खिला दिया। इससे वह बेहोश हो गया। रोडवेज बस के चालक-परिचालक ने उन्हें गंगानगर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। होश में आने पर पता चला कि उनकी जेब से मोबाइल, पर्स, आठ हजार रियाल और पासपोर्ट गायब थे। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाश उसका सामान लेकर कैंट चौराहे पर उतर गए थे। 

चार फरवरी को उसके मोबाइल के माध्यम से किठौर क्षेत्र के कायस्थ बड्ढा स्थित जनसेवा केंद्र से पांच हजार रुपये निकाले गए। 
पांच फरवरी को कचहरी के पास पेट्रोल पंप पर भी बदमाशों ने ट्रांजेक्शन की। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों आरोपी कैद हो गए। इसके बाद पीड़ित ने एसएसपी से मामले की शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर गंगानगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
 

समारोह में गोली चलने से युवक घायल, चाचा हिरासत में लिया
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के जंगेठी गांव में एक युवक की शादी की सालगिरह पर समारोह के दौरान फायरिंग में गोली लगने से युवक घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने युवक के चाचा को हिरासत में लिया है। डीजे बंद कराने को लेकर विवाद के बाद यह घटना हुई।

गांव में शनिवार रात गौरव ने अपनी शादी की सालगिरह के उपलक्ष्य में समारोह आयोजित किया था। इसमें उसके दोस्त और रिश्तेदार शामिल हुए। खाना खाने के बाद गौरव का चाचा नरेश वहां से चला गया। पुलिस के मुताबिक बाद में चाचा पहुंचा। उस समय गौरव और अन्य युवक डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान चाचा के साथ कहासुनी हुई। आरोप है कि नरेश ने गौरव सहित अन्य युवकों से मारपीट की। इसके बाद फायरिंग की गई। फायरिंग में गोली लगने से गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। 

यहां पूछताछ के बाद मारपीट और फायरिंग के आरोप में नरेश को हिरासत में ले लिया। वहीं, नरेश ने पुलिस को बताया कि आधी रात को डीजे बंद कराने को लेकर भतीजे ने झगड़ा किया था। 

मेरठ कॉलेज के छात्र पर किया हमला
बिशन चौक निवासी एमएससी के छात्र सुमित भारती पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक सुमित भारती मेरठ कॉलेज में पढ़ता है। सुमित ने बताया कि शनिवार रात कॉलेज में एक कार्यक्रम चल रहा था।    

इसी दौरान उसके साथ पढ़ने वाले कुछ छात्रों से कहासुनी हो गई थी। इसके चलते आरोपियों ने कॉलेज के बाहर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। सुमित का आरोप है कि शनिवार देर रात जब वह अपने घर के पास पहुंचा तभी कई युवक पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडों से सुमित की पिटाई कर दी। बाद में लोगों को आते देख आरोपी फरार हो गए। 

गंगनहर में कूदने पहुंची महिला को बचाया
मेरठ के नौचंदी क्षेत्र की रहने वाली महिला मसूरी क्षेत्र में गंगनहर में शनिवार शाम को आत्महत्या करने पहुंची तो हेड कांस्टेबल नरेंद्र राठी और सिपाही भारत कुमार ने महिला की काउंसिलिंग कर आत्महत्या से बचा लिया। संपत्ति विवाद में ससुरालियों से परेशान होकर महिला मेरठ से गंगनहर में छलांग लगाने आईं थी। वह कूदने की फिराक में थी तभी मौके पर पहुंचे नरेंद्र और भारत ने उन्हें पकड़ लिया। 

इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। मौके पर महिला की बेटी, मां, चचेरा भाई व एक रिश्तेदार पहुंचे। महिला की बेटी ने बताया कि उसकी मां 16 फरवरी को घर से चली गई थीं। देर शाम तक जब नहीं लौटी तो उसने नौचंदी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। महिला ने बताया कि वह शनिवार दोपहर को मसूरी पहुंची। जैसे ही वह छलांग लगाने लगीं तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। 

एसीपी मसूरी नरेश कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल नरेंद्र राठी और सिपाही भारत कुमार ने सराहनीय कार्य किया है। इनको सम्मानित करने के लिए वह अधिकारियों को पत्र लिखेंगे। इनके सम्मानित होने से अन्य पुलिसकर्मी भी प्रोत्साहित होंगे।

हस्तिनापुर के गांव गणेशपुर में खूनी संघर्ष
हस्तिनापुर  थाना क्षेत्र के गांव गणेशपुर में रंजिश में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें करीब 13 लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में पहुंचाया, जहां से एक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

रविवार की शाम गणेशपुर गांव में रंजिश के चलते दो पक्षों में आपस में विवाद हो गया। समुदाय विशेष और कश्यप समाज के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में काफी दिनों से विवाद चला आ रहा है। डेढ़ माह पूर्व भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। रविवार की शाम दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। 

सलमुद्दीन ने बताया कि उनके परिवार के ही इमरान को कुछ लोगों ने गांव के बाहर स्थित मेजर आशाराम स्कूल के मैदान में मारपीट की थी। जिसमें उन्हें शक था कि उक्त हमलावर दूसरे पक्ष द्वारा भेजे गए थे। जबकि सचिन का कहना है कि दूसरे पक्ष ने ही उनके साथ मारपीट की है। इस बात को लेकर शाम के समय दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जिसमें एक पक्ष से सलमुद्दीन, आस मोहम्मद, रजिया, फैमिदा व रिया घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के रविन, विशाल, सुमित, ममता, विनेश, प्रीति, प्रेमवती व सचिन घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को पुलिस वैन से ही सीएचसी पहुंचाया, जहां से आस मोहम्मद की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 
कश्यप समाज के सचिन कश्यप ने बताया कि समुदाय विशेष के लोग काफी समय से उनसे रंजिश रखते हैं। इससे पहले भी उनके ऊपर कई बार जानलेवा हमले किए गए हैं। रविवार की शाम को भी उक्त लोगों ने उनके घर पर हमला किया। उसके परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। हालांकि, यह पूरा मामला मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। जिसकी डीवीआर पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।

थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह का कहना है कि घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया है। मौके से सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाई जा रही है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हापुड़ रोड पर टकराई कार, दूल्हा-दुल्हन घायल
हापुड़ रोड पर रविवार देर शाम दुल्हन को लेकर जा रही कार डिवाइडर से टकरा गई। इसमें दूल्हा, दुल्हन चालक और कार में बैठा आठ साल का बच्चा भी घायल हो गया। दूल्हा-दुल्हन को दूसरी कार से घर भेज दिया गया। बालक और चालक को हापुड़ रोड के शुभकामना अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रविवार रात जाकिर कॉलोनी चौकी के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। कार सवार घायलों को कुछ लोगों ने बाहर निकाला। हादसे में दूल्हा आकिल व दुल्हन मिसबा आंशिक रूप से जख्मी हो गए। आठ साल का बच्चा मोहम्मद और चालक मनव्वर निवासी किला खजूरी घायल हो गए। 

मारपीट कर तीन तलाक देने का आरोप
लोहियानगर थाना क्षेत्र के मोबिन नगर निवासी फरीदा ने पति शौकीन पर मारपीट कर तीन तलाक देने का आरोप लगाया। रविवार शाम को पीड़िता थाने में पहुंचकर शिकायत की है। पीड़िता फरीदा ने बताया कि 17 वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। रविवार को उसकी पति से कहासुनी हो गई। आरोप है कि पति ने अभद्रता के बाद मारपीट की।इसके बाद उसे तीन तलाक दे दिया। उधर, थाना प्रभारी संजय पांडेय का कहना है कि आरोपी पति से जानकारी लेने के बाद कार्रवाई की जाएगी।  

बिल्डर से परेशान लोगों ने घरों पर लगाए पलायन के पोस्टर
पल्लववपुरम फेस वन की सी और डी ब्लॉक कॉलोनी के लोगों ने रविवार को बिल्डर से परेशान होकर अपने घरों के बाहर पलायन के पोस्टर लगा दिए। लोगों ने प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।

पल्लवपुरम फेस वन में एक कॉलोनी के बिल्डर ने दीवार तोड़कर गेट लगा दिया था, जिसका पल्लवपुरम के लोगों ने विरोध किया। लोगों का कहना था कि मामला कोर्ट में है और बिल्डर ने गेट लगा दिया। फिर भी प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं की। इस मामले में लोगों ने सामूहिक बैठक कर प्रशासन को बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई करने का एक सप्ताह का समय दिया था। प्रशासन की उदासीनता से परेशान लोगों ने रविवार को अपने घरों के बाहर पलायन के पोस्टर लगा दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो मकानों की चाबी जिलाधिकारी व कमिश्नर को सौंप देंगे।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed