Meerut Crime Report: रसगुल्ले के रुपये मांगने पर हलवाई से मारपीट, मुकदमा दर्ज, गृहक्लेश में युवक ने फांसी लगाई
मेरठ में रसगुल्ला नहीं देने पर हलवाई के पीछे पिस्टल लेकर दौड़ने के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं गृह क्लेश में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फैक्टरी में बॉयलर फटने का मामला: सात विभागों से मांगी रिपोर्ट घायल शैंकी की हालत गंभीर
मवाना रोड फिटकरी स्थित टायर गलाने वाली फैक्टरी में मंगलवार को बॉयलर फटने से घायल हुए शैंकी की हालत गंभीर बनी गुई है। चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन बताया है। वहीं इस मामले में जिला प्रशासन ने जांच शुरू करा दी। एडीएम प्रशासन अमित कुमार सिंह ने बताया है कि एसडीएम मवाना, सीओ सदर देहात, चीफ फायर अधिकारी, डिप्टी लेबर कमिश्नर, असिस्टेंट डायरेक्टर इंडस्ट्रीज सहित सात विभागों से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। 48 घंटे में जांच रिपोर्ट लेकर लापरवाही करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिटकरी गांव के रास्ते पर दुर्गा एंटरप्राइजेज के नाम से टायर गलाने की फैक्टरी है। मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे फैक्टरी का एक बॉयलर तेज धमाके के साथ फट गया था। जिसकी चपेट में आने से इंचौली थाना क्षेत्र के बना किशोरीपुरा निवासी शंकरलाल व प्रवीण की मौत हो गई थी।
दोनों के घर पर बुधवार को परिजनों को सांत्वना देने वालों की भीड़ लगी रही। घायल शैंकी, दिनेश और सोहनपाल का गढ़ रोड स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा है। शैंकी की हालत ज्यादा गंभीर है। उसका दायां पैर कई जगह से टूटा है। कंधे और चेहरे की हडिडयों में भी फ्रैक्चर है। परिजनों ने बताया कि दो दिन बाद उसका ऑपरेशन होगा। दिनेश को भी आईसीयू में रखा गया है।
यह भी पढ़ें: पीड़िता मांगे न्याय: पत्नी की कीमत लगाई डेढ़ लाख, भरी पंचायत में पति ने सुना दिया ऐसा फैसला
मेडा ने दस अवैध कॉलोनी की ध्वस्त
मेडा ने बुधवार को भी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाया। प्रभारी अधिकारी प्रवर्तन अर्पित यादव ने बताया कि थाना मवाना व बहसूमा क्षेत्रांतर्गत दस अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। बिजेंद्र प्रजापति द्वारा कृष्णा एन्क्लेव पहाड़पुर रोड छोटा मवाना में दस हजार वर्ग गज, सुभाष व अन्य द्वारा दुधली रोड छोटा मवाना में 12 हजार वर्ग गज, शिव पार्वती कॉलोनी छोटा मवाना पर 5000 वर्ग गज, सरला कुंज कॉलोनी छोटा मवाना, थाना बहसूमा अंतर्गत अंजीव यादव द्वारा न्यू डिफेंस कॉलोनी के पीछे 50 बीघा में, पांच-पांच हजार वर्ग गज में तीन अन्य कॉलोनियों में निर्माण ध्वस्त कर दिया।
परतापुर में तीन लोगों से मोबाइल लूटे
परतापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े तीन जगह मोबाइल लूट की घटना हो गई। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। पहली घटना में बाइक सवार लुटेरों ने संगम गेस्ट हाउस के सामने इटायरा निवासी कार्तिक पुत्र प्रेमपाल राणा से तमंचे के बल पर मोबाइल लूट लिया।
वह बाइक से कैलाश प्रकाश स्टेडियम से प्रैक्टिस कर गांव जा रहा था। दूसरी घटना शताब्दीनगर सेक्टर 4 सी के पास हुई, जहां भल्ला इंटरनेशनल में काम करने वाले दीपक कुमार पुत्र सुनील कुमार से बाइक सवार लुटेरों ने मोबाइल लूट लिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा
रसगुल्ले के रुपये मांगने पर हलवाई मोहम्मद राशिद के पीछे पिस्टल लेकर दौड़ने के मामले में पुलिस ने अनस, समीर, जिशान और जुबैर के खिलाफ थाने में केस दर्ज किया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बदमाश पिस्टल लेकर दौड़ते नजर आ रहे हैं। लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर जितंेद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
रिश्तेदारों पर लगाया मारपीट का आरोप
देहलीगेट थाना क्षेत्र के पूर्वा फैयाज अली निवासी शायना पत्नी दानिश ने रिश्तेदारों पर मकान पर कब्जे के लिए मारपीट का आरोप लगाते हुए एसएसपी दफ्तर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़िता ने बताया कि 27 फरवरी को जब वह मकान के अपने ऊपर वाले हिस्से में अकेली थी तभी नीचे रहने वाले उसके रिश्तेदार आ धमके और हंगामा व मारपीट करने लगे। उसका सामान उठाकर बाहर फेंकने लगे और मकान खाली नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
फायरिंग करने वाला बदमाश धरा
लिसाड़ीगेट पुलिस ने ताज पैलेस के पास सरेआम सड़क पर फायरिंग करने वाले नईम बाबला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि साथी नावेद के जेल से छूटने पर उसने मंगलवार को सरेआम फायरिंग की थी। इसका वीडियो वायरल हो गया था। वीडियो के आधार पर ही नईम की पहचान की गई थी।
मारपीट में मां पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत स्थित अपने प्लाट पर गए शख्स के साथ मारपीट मामले में मां व उसके दो बेटों पर मुकदमा दर्ज किया गया। असौड़ा हाउस वेस्टर्न कचहरी रोड निवासी गौरव अग्रवाल ने शिकायत पत्र देकर बताया कि कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने डी-155 साकेत स्थित प्लाट पर उन्हें कब्जा दिलाया था।
उन्हें जानकारी मिली कि पड़ोसियों ने उसकी दीवार गिरा दी। इस सूचना पर जब वह प्लाट पर पहुंचे तो पड़ोसी राजकुमारी पत्नी हुकुम सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दी। राजकुमारी और उसके पुत्रों ने मिलकर मारपीट कर डाली। थाने में महिला व दोनों पुत्रों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बस की टक्कर से दंपती-बच्ची घायल
कमिश्नर आवास चौराहे पर बुधवार सुबह रोडवेज बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दंपती व बच्ची घायल हो गया। उन्हें साकेत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
शताब्दीनगर निवासी वैभव पत्नी अंजली व बच्ची के साथ स्कूटी से गंगानगर जा रहा था। सुबह लगभग सुबह दस बजे स्कूटी के आगे चल रही वैगनआर कार ने ब्रेक मार दिए। वैभव ने भी स्कूटी के ब्रेक मारे। इसी दौरान पीछे से आ रही मेरठ डिपो की रोडवेज बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी।इसमें वैभव, अंजलि और उनकी चार साल की बच्ची बुरी तरह घायल हो गए। लोगों ने चालक-परिचालक को पकड़ लिया और घायल दंपती को गंगानगर के न्यू लाइफ हास्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने रोडवेज बस चालक को हिरासत में लेकर बस को भी कब्जे में ले लिया है। एसओ लालकुर्ती इंदु वर्मा का कहना है कि वैभव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
बाइक की टक्कर से बच्ची घायल
मवाना में मोहल्ला कल्याण सिंह में तीन वर्षीय बच्ची को बाइक सवार ने मंगलवार शाम टक्कर मारकर घायल कर दिया। इस संंबंध में बाइक सवार के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी जावेद ने तहरीर में बताया कि उसकी तीन वर्षीय बेटी हबीबा को बाइक सवार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। उसने विरोध किया तो आरोपी ने अपने साथी बुला लिए तथा उसके साथ मारपीट की तथा दुकान में तोड़फोड़ की। पुलिस ने घायल बच्ची को सीएचसी भेज दिया। तहरीर में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गृहक्लेश में युवक ने फांसी लगाई
गंगानगर के ईशापुरम में परिवार के साथ किराए पर रह रहे युवक ने गृहक्लेश में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मूल रूप से रोहटा थाना क्षेत्र के अरनावली गांव निवासी रवि (34) पुत्र गिरवर सिंह जाटव गंगानगर क्षेत्र की ईशापुरम कॉलोनी में किराए पर रहता था। मकान में बनी दुकान में किराना स्टोर चलाता था।
उसके साथ पत्नी प्रियंका व बेटी रहते थे। मंगवार रात किसी बात से परेशान रवि ऊपर कमरे में पहुंचा और पंखे में बेडशीट का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी जब पहुंची तो वह लटका मिला। सूचना पर गंगानगर थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसआई लालाराम शर्मा के मुताबिक इस मामले में तहरीर नहीं मिली है।