मेरठ: चार अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए आधा दर्जन बदमाश, सोना लूटने वाला भी दबोचा
- कोतवाली व गंगानगर में मुठभेड़ छह बदमाशों को गाेली लगी
- कोतवाली पुलिस ने सोना लूटने वाले दो धरे तो गंगानगर पुलिस ने चार लुटेरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस के अनुसार छह दिसंबर को लिसाड़ी गेट थाने के पास ब्रह्मपुरी निवासी सराफा व्यापारी प्रमोद वर्मा से दो बदमाशों ने 375 ग्राम सोना लूटा था। मंगलवार को कोतवाली पुलिस और एसओजी ने जिमखाना मैदान के पास बाइक सवार दो संदिग्ध लोगों को रोका तो उन्होंने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में पुलिस की गोली लगी। उनकी पहचान राशिद और इरफान निवासी उबारपुर हाफिजपुर हापुड़ के रूप में हुई। दोनों से लूटा गया सोना बरामद किया गया।
वहीं, गंगानगर में सोमवार दोपहर उल्देपुर मैथना मार्ग पर बदमाशों ने लूटपाट की थी। इंस्पेक्टर गंगानगर ने बताया कि मंगलवार आधी रात सिखेड़ा मार्ग पर बदमाशों के होने की सूचना पर रजबहे के किनारे सरकारी ट्यूबवेल पर घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में चार बदमाशों को गोली लग गई। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।
विनोद उर्फ बिल्लू उर्फ बिलौटा पुत्र सतपाल निवासी खनौदा पल्लवपुरम व कपिल पुत्र किरण पाल निवासी ग्राम अमराला भोजपुर गाजियाबाद के दोनों पैरों में गोली लगी। जबकि मलियाना टीपीनगर निवासी मोनू पुत्र शीशपाल के बाएं पैर व सचिन पुत्र महिंदर के दाएं पैर में गोली लगी। आरोपियों से चार तमंचे, कारतूस, दो चोरी की बाइक बरामद की गई।
सोमवार दोपहर उल्देपुर मार्ग पर बैंक मित्र से लूटे गए 72 हजार रुपये भी बरामद कर लिए। वारदात में शामिल रविंद्र पुत्र राजपाल निवासी ग्राम मैथना, रवि निवासी मलियाना व अनुज की तलाश है।
पड़ोसी विष्णु ने की थी रेकी
एसपी सिटी ने बताया कि सोना लूटने वालों ने बताया कि व्यापारी प्रमोद के पड़ोसी विष्णु ने पुराने विवाद में रेकी की थी। दोनों बदमाश उसके संपर्क में थे। उसने फोन कर बताया था कि प्रमोद घर से सोना लेकर निकला है। उसके बाद बदमाशों ने लिसाड़ी गेट थाने के पास व्यापारी को घेर कर लूटपाट की। प्रमोद के साथी लीलाधर की कोई भूमिका नहीं मिली है। एसएसपी ने पुलिस टीम को 20 हजार इनाम देने की घोषणा की है।