Meerut Crime News: कार और एक लाख न मिलने पर दिया तलाक, मुर्गियों को दाना देने जा रही किशोरी से दुष्कर्म
मेरठ में
विस्तार
फलावदा में दहेज में ब्रेजा कार व दस लाख रुपए की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को तलाक दे दिया। पीड़िता ने पति सहित ससुराल के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
फलावदा थाना क्षेत्र के गांव महलका निवासी असमा पुत्री अमीर आजम ने थाना में मुकदमा दर्ज कराया। बताया, उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व अफजल पुत्र इकराम निवासी खतौली के साथ हुई थी। शादी में असमा के पिता ने दहेज में स्कूटी, सोने, चांदी के आभूषण व साढ़े पांच लाख रुपए नकद सहित करीब 50 लाख रुपए खर्च किए थे। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में दिए गए सामान से खुश नहीं थे। अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए ब्रेजा कार व लाख रुपए नकद की मांग करते आ रहे थे।
मांग पूरी न होने पर विवाहिता के ससुराल वाले पति अफजल, जेठ गुलजार, जेठानी राहिमीन, ननद रेशमा, राहिमीन उर्फ छोटी राहिमीन ने दहेज की मांग को लेकर उसके साथ आए दिन मारपीट करते हैं।
अवैध काॅलोनियों पर चला एमडीए का बुलडोजर और मंडप भी ढहाया
एमडीए ने शहर में विकसित की जा रही अवैध काॅलोनियों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। बुधवार को कई काॅलोनियों पर बुलडोजर चला। इस दौरान टीम को विरोध भी झेलना पड़ा।
एमडीए की टीम सबसे पहले थाना लोहियानगर क्षेत्र के सरायबहलीन बुढेरा जाहिद पुर के रकबे में कलवा द्वारा लगभग 20 हजार वर्ग मीटर में विकसित की जा रही अवैध काॅलोनी पर पहुंची। टीम ने एक सिरे से निर्माण गिराने शुरू कर दिए। इसके पास ही लोहियानगर मंडी के सामने अवैध रूप से तैयार किए जा रहे मंडप पर कार्रवाई की। यह मंडप आमिर और हाजी शाहिद बना रहे थे। इसके उपरांत एमडीए की टीम थाना लिसाड़ी क्षेत्र में समर गार्डन पहुंची। यहां पर अनिल व राशिद मलिक 50 हजार वर्ग मीटर भूमि पर अवैध काॅलोनी विकसित कर रहे थे। एमडीए की टीम ने काॅलोनी की सड़कें, मकान, दीवारें, बिजली के खंभे आदि तोड़ दिए।
प्रवर्तन अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि सभी को पहले से ही नोटिस दिए गए थे। उसके बावजूद किसी ने एमडीए से मानचित्र पास नहीं कराया। अगर भविष्य में ये लोग दोबारा से अवैध काॅलोनी या निर्माण कार्य करते हैं तो एफआईआर होगी।
यह भी पढ़ें: कातिल पत्नी का कबूलनामा: हमें मारना चाहते थे, हमने उन्हें ही मार दिया! पति की हत्या का रविता को नहीं पछतावा
एसएसपी ऑफिस पहुंची महिला ने दी आत्मदाह की चेतवानी
ब्रह्मपुरी की एक महिला बुधवार को अपने 25 दिन के शिशु के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची। जहां महिला ने कहा कि वह 15 दिन से न्याय पाने के लिए थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन पुलिस उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही है। महिला ने कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
ब्रह्मपुरी के बनिया वाली गली निवासी एक महिला ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी शादी भावनपुर निवासी एक युवक से नौ साल पूर्व हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले कम दहेज लाने की बात कहकर उसके साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार करते हैं। जिसको लेकर दोनों पक्षों में पूर्व में पंचायत हो चुकी है। बावजूद इसके पति व ससुराल वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है।
फिलहाल ससुराल वाले तीन लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। 25 दिन पूर्व महिला ने शिशु को जन्म दिया। तभी से महिला अपने मायके में रह रही है। आरोप है कि 15 दिन पूर्व पति अपने परिवार व साथियों के साथ उसके घर पहुंचा था और उसके परिवार पर हमला कर दिया। वह 15 दिन से थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन थाना पुलिस उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही है। एसपी सिटी का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में लग गई है।
मुर्गियों को दाना देने जा रही किशोरी से दुष्कर्म
खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव में एक युवक ने बाड़े में मुर्गियों को दाना डालने गई 13 वर्षीय किशोरी को घर में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। सोमवार को किशोरी मुर्गी को दाने डालने जा रही थी।
आरोप है कि पड़ोसी युवक ने उसे अपने घर में खींच लिया। उसके साथ दुष्कर्म किया। उधर, पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी युवक परिजनों द्वारा पुलिस कार्यवाही करने पर जान से जमाने की धमकी देकर गया है। पीड़ित पक्ष किशोरी को लेकर थाना पहुंचे। सीओ किठौर प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी रितिक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया। उसकी तलाश की जा रही है।
रेलवे रोड की एक युवती के साथ युवक जुबैर ने तांत्रिक क्रिया से इलाज के नाम पर 36 हजार रुपये की ठगी कर ली। वहीं युवती ने आरोपी पर छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने बताया कि उसका छोटा भाई काफी समय से बीमार रहता था। इसी बीच उसके एक परिचित ने जुबैर नाम के युवक से मुलाकात कराई। जुबैर ने युवक को ठीक करने के लिए तांत्रिक क्रिया की बात कही। इस बीच आरोपी का उसके घर पर आना जाना हो गया। आरोप है कि आरोपी इलाज करने के लिए कुछ दिन पूर्व उनके घर आया था। वह घर पर अकेली थी, इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। जिसकी शिकायत महिला ने अपनी मां से की थी। इसके बाद आरोपी युवक का घर पर आना बंद हो गया।
इसी बीच युवती का रिश्ता तय हो गया। आरोपी युवक व उसके परिवार वालों ने उसका रिश्ता तुड़वा दिया। आरोपियों की हरकतों का विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जुबैर, राशिद, शहनाज, सोनू व नाहिदा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मुंडाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़ला कैथवाड़ा के कोशिंद्र हत्याकांड में पुलिस ने दूल्हे शिवम के पिता राजेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। हत्याकांड में नामजद अन्य हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस दबिश डाल रही है। शांति व्यवस्था के लिए गांव में बुधवार को भी पुलिस बल तैनात रहा।
बढ़ला कैथवाड़ा में रविवार को राजेश के बेटे शिवम का मंढा था। रात करीब दस बजे शिवम की घुड़चढ़ी हो रही थी। इसी दौरान कोशिंद्र के मकान के सामने कुछ युवक अश्लील डांस कर रहे थे। अश्लील डांस का हंसराज और उसके भाई कोशिंद्र ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि दूल्हे पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर आए और कोशिंद्र पर हमला कर दिया। इसी दौरान एक हमलावर संदीप ने कोशिंद्र के सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी।
मृतक के बड़े भाई हंसराज ने दूल्हे के पिता राजेश के अलावा संदीप, प्रदीप, मुकेश, किरनपाल और निर्भय के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने राजेश को गिरफ्तार कर बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। नामजद बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गांव में पुलिस बल तैनात है।
मस्जिद के पास खड़ी छह कारों के शीशे तोड़े
इंंचौली गांव में जामा मस्जिद के पास खड़ी छह कारों के फ्रंट शीशे तोड़ दिए गए। पीड़ितों ने इंचौली थाने में तहरीर दी। इंचौली व्यापार संघ अध्यक्ष इसरार सिद्दकी के मुताबिक, मस्जिद के पास खाली जगह में हर रोज की तरह रात में कारें खड़ी थी। रात में असामाजिक तत्वों ने गाड़ियों फ्रंट शीशे पत्थर से क्षतिग्रस्त कर दिए। बताया कि चौपाल के पास हर रोज युवकों का जमघट लगा रहता है। कुछ दूरी पर जुआ-सट्टा खिलाया जा रहा है।
कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई पुलिस ने नहीं की। इसके चलते अब युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया। गांव के लोगों के मुताबिक करीब आठ स्थानों पर जुआ-सट्टा खिलाया जा रहा है। कई बार मारपीट भी हो चुकी है। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह का कहना है कि आसपास के कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मकान में चोरी करने वाले दो बदमाशों को पकड़ा
लोहियानगर पुलिस ने बुधवार को बंद मकान में चोरी करने वाले दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि काजीपुर निवासी नीरज कुमार ने कुछ दिन पूर्व थाने पर तहरीर देते हुए बताया था कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार सुबह पुलिस गुर्जर चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को खड़े देखा।
पुलिस को देखकर दोनों युवक मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनाें को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में दोनाें युवकों ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व काजीपुर में चोरी की थी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर लिया। चोरों की पहचान मुुरशलीन उर्फ धोनी निवासी भूमिया का पुल व शोएब निवासी जाकिर कॉलोनी के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर दिया।
जली कोठी में नकली बैंडबाजे बनाने वाले आरोपी को भेजा जेल
देहली गेट पुलिस ने जली कोठी स्थित अतानस की कोठी में नकली बैंड बाजे बनाने वाले आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने दस लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि नादिर अली एंड कंपनी के मैनेजर प्रदीप जोशी ने बताया कि नादिर अली विंड इंस्ट्रूमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सेल्स मैनेजर है। कंपनी ने 1885 में स्थापित मैसर्स नादिर अली एंड कंपनी व उसकी सहायक कंपनियों 2005 में ले लिया। ट्रेड मार्क भी पंजीकृत करा लिया था। इस ट्रेड मार्क का किसी को प्रयोग करना गैरकानूनी है। प्रदीप जोशी का आरोप है कि कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी व स्टोर कीपर के परिजन ने मिलते जुलते नाम से एक कंपनी खोली। इसके बाद उनका नाम प्रयोग कर फर्जी बैंड व अन्य सामान बनाने लगे।
उस पर उनके ट्रेड मार्क का प्रयोग किया गया। जिससे कंपनी की साख खराब हो रही है। जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। इस मामले में देहली गेट पुलिस ने राहिल फरहत निवासी 13ए नादिर अली बिल्डिंग देहली गेट को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से इंस्ट्रूमेंट भी बरामद किए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए सामान की कीमत दस लाख रुपये है।
पेशकार 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
जमीन का दाखिल खारिज करने के नाम पर किसान से 15 हजार की रिश्वत लेते सहायक चकबंदी कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक (पेशकार) अशोक कुमार सिंह को भ्रष्टाचार निवारण संगठन इकाई झांसी की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोतवाली सदर लाया गया। अशोक कुमार सिंह मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी है।
गांव कल्यानपुरा के अनेक सिंह ने 8 नवंबर 2024 को जमीन खरीदी थी। वह दाखिल खारिज अपने नाम कराने के लिए चकबंदी कार्यालय गए थे। यहां वह चकबंदी कार्यालय में नियुक्त बाबू अशोक कुमार सिंह से मिले। अशोक सहायक चकबंदी अधिकारी का पेशकार है। अशोक ने अनेक सिंह से दाखिल खारिज कराने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग की। 16 अप्रैल को अपने कार्यालय या उसके आसपास बताए गए स्थान पर रुपये लेकर आने को कहा।
अनेक सिंह ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण झांसी इकाई से की। टीम बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में स्थित चकबंदी कार्यालय के आसपास तैनात हो गई। टीम ने दोपहर के समय किसान अनेक सिंह को केमिकल लगे हुए पांच-पांच सौ रुपये के कुल 15 हजार रुपये के नोट देकर सहायक चकबंदी अधिकारी कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक अशोक कुमार सिंह को देने के लिए भेज दिया।