फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime News: Attempt to drag a woman constable from a scooter in a deserted area, read crime news.

Meerut Crime News: सुनसान इलाके में महिला कांस्टेबल को स्कूटी से खींचने की कोशिश, पढ़ें क्राइम की खबरें

Mon, 14 Jul 2025 10:55 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ Published by: मोहम्मद मुस्तकीम Updated Mon, 14 Jul 2025 10:55 AM IST
सार

कंकरखेड़ा थाने में तैनात महिला कांस्टेबल देर रात स्कूटी से घर लौट रही थी। कैंट एरिया में एक बाइक सवार ने उसे खींचने की कोशिश की। पीछे आ रहे वाहन सवारों ने शोर मचाया तो आरोपी भाग गया। 

विज्ञापन
Meerut Crime News: Attempt to drag a woman constable from a scooter in a deserted area, read crime news.
सांकेतिक तस्वीर।

विस्तार

सदर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंट एरिया में रविवार देर रात थाने से लौट रही स्कूटी सवार महिला कांस्टेबल को एक बाइक सवार ने खींचने का प्रयास किया। पीछे से आ रहे अन्य बाइक सवारों ने शोर मचाया तो आरोपी भाग गया। महिला कांस्टेबल ने बेगमपुल पुलिस चौकी पर पहुंचकर घटना के संबंध में बताया। सूचना पर सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने महिला कांस्टेबल से घटना की जानकारी ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश में लगी है।
विज्ञापन

महिला कांस्टेबल कंकरखेड़ा थाने में तैनात है। वह रात करीब 12:30 बजे वह अपनी ड्यूटी पूरी कर स्कूटी से शहर में आ रही थी। रेलवे ओवरब्रिज पार करने के बाद कैंट क्षेत्र में 510 वर्कशॉप के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने महिला कांस्टेबल को पकड़ कर खींचने की कोशिश की। इससे महिला कांस्टेबल घबरा गई और उसने शोर मचा दिया। इसी बीच अन्य बाइक पर पीछे से आ रहे युवकों ने भी शोर मचाया तो आरोपी बाइक सवार वहां से भाग गया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है। जल्द आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
विज्ञापन

 

कांवड़ियों का हंगामा, पुलिस से नोकझोंक

रुड़की रोड पर सड़क किनारे आराम कर रहे कांवड़ियों को हटाने पर शिवभक्तों की पुलिस से नोक झोंक हो गई। कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर शिवभक्त शांत हो गए और गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
गाजियाबाद के फरीदनगर निवासी रोहित, सुचा, अभिषेक, रितिक, बाबी आदि कांवड़ियों ने हरिद्वार से 20 जून को द्वितीय कलश यात्रा की शुरूआत की थी। इनके साथ ट्रैक्टर-ट्राली भी थी, जिसका पिछला हिस्सा नीचा था, अगले हिस्से की ऊंचाई 12 फीट थी। पल्लवपुरम पुलिस ने फेज प्रथम कट पर रोककर उसकी ऊंचाई को रस्से से नापा और सबसे ऊंचा बांस हटवा दिया। इसे लेकर पुलिस की कांवड़ियों से कहासुनी हुई।
इसके बाद शिवभक्त कांवड़ लेकर रुड़की रोड की ओर रवाना हो गए और कुबेर स्कूल के सामने सड़क किनारे कांवड़ रख कर डिवाइडर के किनारे गद्दे बिछाकर लेट गए, जिससे मोदीपुरम फ्लाई ओवर की ओर जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को सड़क से शिविर में जाकर सोने के लिए कहा। जिस पर कांवड़ियों की पुलिस से नोक झोंक हो गई और कांवड़ियो ने हंगामा कर दिया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को शांत कराया। पुलिस ने बेवजह राहगीरों को परेशान करने पर कांवड़ बाद कार्रवाई की चेतावनी दी।
 

टेंट के गोदाम में लगी भीषण आग, तीन गाड़ियों ने बुझाई

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की ड्रीम सिटी के सामने शनिवार देर रात में एक टेंट के गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। कुछ देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
गांव पौहल्ली निवासी सोहनवीर सिंह उर्फ सोनू की सरधना रोड पर ड्रीम सिटी के सामने श्री श्याम टेंट हाउस के नाम से गोदाम है। शनिवार शाम सोहनवीर दुकान बंद कर घर चल गया था। रात करीब 11:30 बजे उनके पड़ोसी ने फोन पर गोदाम में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा। उस समय उसे आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। उसने पुलिस और दमकल की टीम को घटना की जानकारी दी।
स्थानीय पुलिस और दमकल की तीन गाड़ियां पहुंचीं। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक गोदाम के अंदर रखा सारा सामान जल गया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आग लगने का कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।
 
विज्ञापन

महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

लिसाड़ी थाना क्षेत्र में लिफ्ट देने के बहाने महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। एक पार्षद के कार चालक का बुधवार रात ढाई बजे अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया था। महिला रात में ही अपने घर से बाहर निकलकर लिसाड़ी गेट क्षेत्र में पहुंच गई थी। महिला का आरोप है कि एक युवक उसे लिफ्ट देने के बहाने अपने साथ ले गया था। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। अपने दो और साथियों को भी बुला लिया। उसके साथियों ने भी महिला से दुष्कर्म किया था। इसके बाद आरोपी उसे नूरनगर हाल्ट के पास छोड़कर फरार हो गए थे। महिला ने घर पहुंचकर पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद लिसाड़ी गेट थाने में तहरीर दी गई। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ता एकत्र होकर थाने पहुंचे और हंगामा किया था। बाद में महिला ने मेडिकल कराने से इन्कार कर दिया था। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि महिला के बयानों के आधार पर रविवार को मामले में आरोपी कंकरखेड़ा के शोभापुर निवासी शहजाद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के साथियों के घटना में शामिल होने के आरोपों की जांच की जा रही है।
 

दुकान में चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार

लोहियानगर क्षेत्र में के-ब्लॉक स्थित दुकान में चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्षेत्रवासी बलीचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जून की रात उनकी दुकान के पीछे का जंगला तोड़कर चोर 15 हजार की नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस की जांच के दौरान घोसीपुर निवासी शादाब उर्फ गूजी का नाम प्रकाश में आया। रविवार को पुलिस ने आरोपी को हापुड़ रोड पर जेके फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 2500 रुपये की नकदी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ खरखौदा, लिसाड़ी गेट थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, उसे जेल भेज दिया गया। 
 

पेट्रोल पंप संचालक का स्कॉर्पियो सवार पांच आरोपियों ने पीछा कर की रेकी

पेट्रोल पंप संचालक का काले रंग की स्कॉर्पियो सवार पांच आरोपियों ने पीछा किया। गाड़ी रुकवाने और हमले की कोशिश की गई। पेट्रोल पंप पर भी आरोपियों ने रेकी की। सीसीटीवी की फुटेज में आरोपी दिख रहे हैं। पीड़ित ने टीपीनगर थाने में शिकायत की है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।
बिजली बंबा बाईपास स्थित पर्ल रेजीडेंसी निवासी विवेक कुमार जैन का दिल्ली चुंगी पर पेट्रोल पंप है। थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि वह 5 जून की दोपहर साढ़े 12 बजे वह वेदव्यासपुरी स्थित तेल डिपो से लौट रहे थे। तभी काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी कार को ओवरटेक कर रुकवाने का प्रयास किया। गाड़ी में अगली सीटों पर दो और पिछली सीटों पर तीन लोग बैठे थे। आरोपियों ने गाड़ी से हाथ निकालकर उन्हें कार रुकवाने का इशारा किया। आरोपियों के पास हथियार भी थे। उन्होंने तेजी से वहां से निकलने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
किसी तरह वह जान बचाकर अपने घर पहुंच गए। 18 जून को वह अपने पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी फुटेज चेक कर रहे थे। तभी उन्हें 5 जून की फुटेज में वही काले रंग की स्कॉर्पियो पेट्रोप पंप पर खड़ी दिखी। कर्मचारियों से पूछा तो उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियो सवार उनके बारे में पूछताछ कर रहे थे। कर्मचारियों ने फोन पर बात करने के लिए कहा तो वह बाद में आने की कहकर चले गए। इसके बाद से उन्हें अपनी जान का खतरा सता रहा है। विवेक कुमार जैन ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपकर कार्रवाई करने और सुरक्षा की मांग की। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी गई है। आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed