फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime News: Attack on asking for the money lent, Uzmi converted to Islam and married Pradeep

Meerut Crime News: उधार दिए रुपये मांगने पर हमला, उजमी ने धर्मपरिवर्तन कर प्रदीप से की शादी, मांगी सुरक्षा

Fri, 13 Jun 2025 06:18 PM IST
डिंपल सिरोही न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: डिंपल सिरोही Updated Fri, 13 Jun 2025 06:18 PM IST
सार

मेरठ में उधार दिए 4.50 लाख रुपये मांगने पर तीन महिलाओं समेत छह लोगों ने युवक पर घर में घुसकर हमला कर दिया। वहीं नौचंदी थानाक्षेत्र की उजमी अली ने धर्म परिवर्तन कर प्रदीप से शादी के बाद जान को खतरा जताया है। पढ़ें अपराध संक्षेप

विज्ञापन
Meerut Crime News: Attack on asking for the money lent, Uzmi converted to Islam and married Pradeep
Crime demo - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मेरठ में उधार दिए 4.50 लाख रुपये मांगने पर तीन महिलाओं समेत छह लोगों ने युवक पर घर में घुसकर हमला कर दिया। पीड़ित का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। बाउंड्री रोड बाबर की कोठी निवासी नीलम ने लालकुर्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनके भाई राजू के पड़ोस में रहने वाले अनिल पर 4.50 लाख रुपये उधार थे। बुधवार को राजू ने रुपये मांगे तो अनिल ने अपने बहनोई विनोद, भाई सुनील, भाभी सोनी, बहन मौसमी, रुबी के साथ मिलकर उस पर लाठी-डंडे और स्टील की रॉड से हमला कर दिया। इसमें राजू गंभीर घायल हो गया। सीओ कैंट संतोष कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन


शराब का ठेका हटाने की मांग करने पर अभद्रता
शास्त्री नगर निवासी यथार्थ के सारथी सोशल वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष जूही त्यागी ने चिकित्सक पिता- पुत्र पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी ऑफिस पर बृहस्पतिवार को प्रार्थना पत्र दिया। व्हाट्सएप पर किए गए मैसेज भी एसएसपी ऑफिस पर दिखाए। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना पुलिस मामले की जांच में लग गई है।
विज्ञापन


नौचंदी थाना क्षेत्र के रामबाग कॉलोनी शास्त्री नगर निवासी जूही त्यागी बृहस्पतिवार को व्यापारी नेता जीतू नागपाल के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची। पीड़िता ने शिकायत करते हुए बताया कि आवास विकास चौराहे के पास एक शराब का ठेका खुला है। आसपास में लगभग 10 स्कूल हंै। लगभग दो हफ्ते से वह ठेके को हटाने की मांग कर रही है। पीड़िता के अनुसार ठेके को हटाने का विरोध जताते हुए एक चिकित्सक पिता- पुत्र ने व्हाट्सएप ग्रुप पर मैसेज कर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।  पीड़िता ने एसएसपी से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। व्यापारी नेता ने कहा कि महिला के साथ अभद्रता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है की तहरीर के आधार पर जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

उजमी अली ने धर्मपरिवर्तन कर प्रदीप से की शादी, मांगी सुरक्षा
नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी उजमी अली उर्फ राधा ठाकुर ने बृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि वह भावनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। कुछ समय से परिवार के साथ शास्त्रीनगर में रह रही है। इसी बीच उसकी मुलाकात पड़ोसी प्रदीप से हो गई थी। बुधवार को प्रेमी जोड़े ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। दोनों ने सुरक्षा मांगी है।  

फायरिंग के आरोपी ने पुलिस पर भी चलाई गोली, गिरफ्तार
लोहियानगर थाना क्षेत्र के जाकिर काॅलोनी चमड़ा पैठ में बुधवार को दूल्हे के हल्दी के कार्यक्रम में फायरिंग मामले में आरोपी सलमान की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। 

जाकिर कॉलोनी चमड़ा पैठ निवासी कासिफ की बृहस्पतिवार को बरात जानी थी। बुधवार शाम घर में हल्दी का कार्यक्रम चल था। चाचा इरशाद को रंजिश के चलते कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया। इसे लेकर कासिफ के कुछ रिश्तेदारों ने विरोध जताया। रिश्तेदारों की कासिफ के परिजनों के साथ मारपीट हो गई। इस दौरान रिश्तेदारों ने फायरिंग कर दी। गोली कासिफ के दोस्त अरशद के पैर पर गोली लग गई। कासिफ इस दौरान बेहोश हो गया। आरोपी सलमान, चांद, दानिश और ताहिर मौके से भाग निकले। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भर्ती कराया था। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 

तभी पुलिस की मुठभेड़ बाइक पर भाग रहे सलमान और दानिश से हो गई। पुलिस को देख आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी किसी तरह गोली से बचे। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की।  

राजमिस्त्री व मजदूरों ने की नकदी व आभूषण चोरी 
लिसाड़ी गेट क्षेत्र के अहमद नगर मस्जिद के पास मकान में निर्माण कर रहे राजमिस्त्री व दो मजदूरों ने 1.25 लाख रुपये और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित अनीस ने थाने में दी तहरीर में बताया कि मिस्त्री कासिफ और मजदूर वहाब व आसिफ बुधवार को उनकी छत पर निर्माण कार्य में लगे थे। कुछ देर बाद तीनों नीचे कमरे में आकर लेट गए।

अनीस की पत्नी ने फोन कर इसकी जानकारी दी। इस पर अनीस को शक हुआ और उन्होंने पत्नी से अलमारी चेक करने के लिए कहा। अलमारी से 1.25 लाख की नकदी और एक सोने की चेन व एक पेंडिल नहीं थे।  सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।  

पीड़ित ने आरोपी पर लगाया बेटी के अपहरण का आरोप
रोहटा के एक पीड़ित ने आरोपी पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र दिया। पीड़ित ने पुलिस से बेटी की बरामदगी की मांग की। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई की आदेश दिया। पुलिस आरोपी के नंबर के आधार पर मामले की जांच में लग गई है।

रोहटा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने बृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत करते हुए बताया कि उनकी बेटी पुणे की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। इसी बीच उनकी बेटी कंकरखेड़ा के एक गांव निवासी आरोपी के संपर्क में आ गई। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने बहला-फुसलाकर उनकी बेटी को पुणे से बुला लिया।

पीड़ित ने बेटी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। मगर बेटी का नंबर बंद आ रहा है। पीड़ित ने आरोपी से बेटी की जान का खतरा बताया है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के नंबर की लोकेशन निकाली जा रही है।  

युवती से दुष्कर्म का प्रयास, पैर से गला दबाकर मारने की कोशिश
देहली गेट में एक युवती ने तीन भाइयों पर बुधवार रात जबरन घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपियों ने उसे फर्श पर गिरा दिया और पीड़िता का पैर से गला दबाया। पीड़िता किसी तरह आरोपियों से बची।

बृहस्पतिवार सुबह आरोपियों ने पीड़ित परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़िता परिजनों केे साथ बृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची। पीड़िता ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में लग गई है।

देहली गेट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक युवती ने ब़ृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत करते हुए बताया कि बुधवार रात वह घर पर अकेली थी। इसी बीच गली के तीन सगे भाई जबरन उसके घर में घुस गए। पीड़िता ने आरोपियों की हरकतों का विरोध किया। जिस पर आरोपियों ने पीड़िता पर हमला किया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

युवक से दोस्त ने 20 लाख रुपये उधार लेकर हड़पे
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अशोक वाटिका सूर्यनगर निवासी जतिन शर्मा से प्रॉपर्टी खरीदने के नाम पर 20 लाख रुपये उधार लेकर नोएडा निवासी दोस्त ने हड़प लिए। 
पीड़ित ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि फतेहपुर नोएडा सेक्टर 60 निवासी अरेंद्र सिंह राणा से उनकी पुरानी जान-पहचान है। सितंबर 2020 में अरेंद्र राणा ने उनसे कहा कि उसके पिता प्रॉपर्टी का काम करते हैं। उन्हें 20 लाख रुपये की जरूरत है।

एक वर्ष बाद पूरी रकम प्रॉफिट के साथ लौटा देंगे। जतिन शर्मा के मुताबिक उन्होंने सितंबर 2020 से मार्च 2021 के बची अरेंद्र राणा को 13 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और 7 लाख रुपये नकद दिए। एक वर्ष की अवधि पूरी होने पर उन्होंने रुपये वापस मांगे तो आरोपी टाल-मटोल करने लगा। अप्रैल 2024 में अरेंद्र की बहन मेघा ने उनके खाते में 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए। 13 अक्तूबर 2024 को अरेंद्र राणा ने चार हजार रुपये ऑनलाइन दिए। वह अपने 20 लाख रुपये मांगते हैं तो गाली-गलौज करते हुए धमकी दी जाती है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

दो भाइयों व दंपती ने सेवानिवृत्त दरोगा से की धोखाधड़ी
दो भाइयों व दंपती ने प्रॉपर्टी के कारोबार में पार्टनर बनाने का झांसा देकर सेवानिवृत्त दरोगा के साथ धोखाधड़ी की। पीड़ित ने एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कंकरखेड़ा के आदर्श नगर खिर्वा रोड निवासी ब्रह्म सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में वह दरोगा के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वर्ष 2020 में उनकी मुलाकात गंगानगर के ईशापुरम निवासी संदीप देशवाल और उसके भाई हरमेंद्र सिंह से हुई।

दोनों भाईयों ने बताया कि अम्हेड़ा आदिपुर गांव में उनकी जमीन है। हिस्सेदार बनना चाहो तो भूमि में आवास और दुकान बनाकर बेच देंगे। 21 जून 2021 को भूमि का बैनामा कराया। मकानों और दुकानों का नक्शा तैयार कराया। इसके कुछ दिन बाद पता चला कि संदीप देशवाल और हरमेंद्र सिंह ने पूर्व में ही अन्य लोगों को भूमि बेच दी थी। इस धोखाधड़ी में कंकरखेड़ा की यूरोपियन एस्टेट निवासी मयंक चौहान और उसकी पत्नी पूजा चौधरी भी शामिल थे। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।  
 

शव की हुई शिनाख्त, बीमारी से हुई मौत
मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के घोसीपुर तिराहे पर मिले युवक के शव की पहचान बृहस्पतिवार को इत्तेफाकनगर निवासी 22 वर्षीय बेटे मोहम्मद साकिब के रूप में हो गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक की बीमारी से मौत हुई है। इत्तेफाकनगर निवासी मोहम्मद इरफान ने बताया कि साकिब दो दिन से लापता थे। उसके पिता ने उसके बीमार होने और दौरे पड़ने की पुष्टि की है। एसपी सिटी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।  

नाबालिग से शादी का दबाव बना रहा आरोपी
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला ने बृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उसकी नाबालिग बेटी को रशीदनगर निवासी एक आरोपी छह महीने से परेशान कर रहा है। आरोपी किशोरी व उसके परिजनों पर शादी का दबाव दे रहा है। किशोरी का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। वह बार-बार हमला करने की धमकी दे रहा है। इस मामले की शिकायत एसएसपी से की। 

महिला ने लगाई फांसी, हालत गंभीर
भावनपुर थाना के गांव राली चौहान निवासी संदीप की शादी 12 फरवरी 2024 को बिजनौर के गांव वाडी वाला थाना चांदपुर निवासी राकेश की बेटी नेहा के साथ हुई थी। नेहा के पिता का आरोप है कि शादी में कार की जगह उसने बुलेट बाइक दी थी। कार न मिलने पर उसकी बेटी के साथ अक्सर मारपीट करते रहते थे। बुधवार को उसकी बेटी नेहा को सुसराल पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों ने मारपीट करते हुए फांसी देकर जान से मारने का प्रयास किया। उसकी हालत गंभीर है। पुलिस से शिकायत की।  

कर्मचारी पर बैंक में ही हमले का प्रयास
बैंक में एक युवक ने बैंक कर्मचारी मनोज कुमार के साथ अभद्रता और गाली गलौच करते हुए मारपीट करने का प्रयास किया। सदर बाजार पुलिस ने आरोपी हिमांशु चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सूरजकुंड रोड निवासी मनोज कुमार ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वह थापर नगर में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में कार्यरत है। 23 मई को उनके बैंक में एक युवक पहुंचा था। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी युवक ने बिना वजह उसके साथ गाली गलौज कर दी। पीड़ित को जाति सूचक शब्द कहे। जानलेवा हमले का प्रयास किया। 

हमलावर को रिमांड पर लेकर तमंचा बरामद किया
ब्रह्मपुरी पुलिस ने कपड़ा कारोबारी को गोली मारने वाले आरोपी को कोर्ट से कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर तमंचा बरामद किया है। बाद में उसे कोर्ट में पेश कर फिर से जेल भेज दिया।

एएसपी ब्रहमपुरी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि 30 मई को माधवपुरम निवासी कपड़ा कारोबारी नदीम अपने भांजे अमन व अनस को साथ लेकर फोन पर बात करते हुए माधवपुरम सेक्टर- तीन बड़ा पार्क पहुंचा था। वहां साजिद और उसका भाई आसिफ व कैफ निवासी माधवपुरम सेक्टर-तीन में बैठे थे। जब वहां नदीम पहुंचा तो आसिफ, साजिद ने उसके हाथ पकड़ लिए और दोनों के कहने पर कैफ निवासी श्यामनगरने गोली चलाई थी, जो उसके पैर में लगी थी।  

मोबाइल लूट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
नौचंदी पुलिस ने मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी मोहम्मद सुभान निवासी शाहपीर गेट चौखटा और मोहम्मद जैद निवासी सराय मुफ्तियान वाली गली हाशिमपुरा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल और सात सौ रुपये बरामद किए गए हैं। सात जून को नदीम निवासी शास्त्रीनगर ने तहरीर दी थी कि स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया। उनको जेल भेज दिया है। 

रिठानी में फायरिंग के मामले में दो आरोपी जेल भेजे
रिठानी में मंगलवार को सतवीर के मकान पर समझौते का दबाव बनाने पहुंचे युवकों ने सतवीर के साथ मारपीट कर दी थी। पड़ोसी भरत व शिवम ने विरोध किया तो आदित्य, रिषभ, शिवा और आर्यन निवासी रिठानी ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। काॅलोनी के लोग एकत्र हुए तो शिवम ने तमंचे से फायरिंग कर दी थी। आरोपी शिवा, आदित्य को जेल भेजे गए।  

गृहक्लेश में जान देने वाले युवक की पहचान हुई
टीपीनगर थाना क्षेत्र में शिवपुरम फाटक के पास दिल्ली से मेरठ की ओर आ रही मालगाड़ी के सामने कूदकर जान देने वाले युवक की पहचान 22 वर्षीय विवेक निवासी जसवंतनगर मलियाना के रूप में हुई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। जांच में गृहक्लेश के चलते युवक ने जान दी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed