Meerut Crime News सीसीएसयू की परीक्षा में पकड़े गए 18 नकलची, नए कानून के 14 केस में न्यायालय ने सुनाई सजा
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की परीक्षा में सोमवार को विश्वविद्यालय के उड़नदस्ते ने 18 छात्रों को नकल करते हुए पकड़ लिया। पढ़ें मेरठ से अपराध संक्षेप।
विस्तार
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की परीक्षा में सोमवार को विश्वविद्यालय के उड़नदस्ते ने 18 छात्रों को नकल करते हुए पकड़ लिया। सभी के खिलाफ यूएफएम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। चेकिंग के दौरान 243 छात्र-छात्राओं को चेतावनी दी गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षाएं सुचितापूर्ण ढंग से कराए जाने को लेकर सचल उड़नदस्ता गठित किया गया है। सोमवार को विश्वविद्यालय उड़नदस्ते ने समन्वयक प्रो. शिवराज सिंह पुंडीर के नेतृत्व में सचल उड़ाका दल के सदस्यों डॉ. जगवीर सिंह, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. भीष्म दत्त, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. स्नेहवीर पुंडीर आदि ने गाजियाबाद, बागपत, मेरठ तथा हापुड़ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 18 परीक्षार्थियों को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़े गए।
मुखबिरी के शक में मारपीट और फायरिंग
मुखबिरी के शक में नरहाड़ा गांव में रात करीब 11:30 बजे दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई। मारपीट में तीन लोग घायल हुए हैं। गंभीर घायल मुर्सलीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लोहियानगर के गांव नरहाड़ा निवासी आसिकीन ने बताया कि गांव निवासी पप्पू सट्टे की खाईबाड़ी करता है। पुलिस ने पप्पू को पकड़ लिया था।
पप्पू को आसिकीन और उसके दोस्त आरिफ पर मुखबिरी का शक था। सोमवार रात पप्पू अपने दोस्तों के साथ आसिकीन के घर पहुंचा और मारपीट कर दी। मारपीट में आसिकीन और उसके पिता मुर्सलीन व भाई दानिश घायल हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों में फायरिंग हो गई। ग्रामीणों के अनुसार करीब 20 राउंड फायरिंग हुई है। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों में पुराना विवाद चल रहा था। जिसके चलते मारपीट हुई है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के साथ अपाचे बाइक सवार व उसके साथियों ने उनकी दुकान के बाहर अभद्र व्यवहार किया। आरोपियों ने उनकी दुकान के फोटो खींच लिए। मौके पर पहुंचे लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी पर शांति भंग की कार्रवाई की है।
न्यू मोहनपुरी निवासी व्यापारी लोकेश अग्रवाल ने बताया कि वह मॉर्डन के नाम से डेयरी चलाते हैं। पीड़ित व्यापारी के अनुसार शनिवार सुबह उनके नंबर पर एक अंजान नंबर से कॉल आई थी। जहां युवक ने खुद को एक बैंक कर्मचारी बताते हुए खाता खुलवाने की बात कही थी। जिस पर व्यापारी ने कहा कि उनका पहले से ही बैंक में खाता है। सोमवार सुबह उनका कर्मचारी दुकान खोल रहा था। इसी बीच एक अपाचे सवार दो आरोपी मौके पर पहुंचे और दुकान का फोटो खींचने लगे।
कर्मचारी ने फोन कर व्यापारी को मामले से अवगत कराया। सूचना पर पहुंचे व्यापारी ने बाइक सवार से मामले की जानकारी की।आरोप है कि बाइक सवार ने फोन कर आपने चार अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। जिसके बाद आरोपियों ने व्यापारी को धमकाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में मौके पर आसपास के व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस पकड़े गए आरोपी को लेकर थाने आ गई।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पकड़े गए बाइक सवार काशांतिभंग में चालान कर दिया गया है। वहीं बाइक को सीज कर दिया गया है।
नए कानून के 14 केस में न्यायालय ने सुनाई सजा
नए कानून के अंतर्गत पंजीकृत अभियोगों में मेरठ रेंज के जनपदों में प्रभावी पैरवी करने पर मई में अभी तक 14 मुकदमों में न्यायालय ने दोषियों को सजा सुनाई है।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि एक जुलाई 2024 से तीन नए कानून लागू होने के उपरांत नए कानून के अंतर्गत पंजीकृत किए गए अभियोगों में पुलिस की ओर से न्यायालय में प्रभावी पैरवी करने के उपरांत मेरठ रेंज में जनपद मेरठ व हापुड़ में 14 अभियोगों में न्यायालय ने अभियुक्तों को सजा सुनाई है। जनपद मेरठ में चोरी के आठ मामलों में थाना मवाना के दो तथा थाना नौचंदी, परतापुर, पल्लवपुरम, गंगानगर, सदर बाजार व इंचौली के एक-एक प्रकरण में न्यायालय ने दोषियों को कारावास व जुर्माने की सजा सुनाई है।
थाना बाबूगढ़ पर पंजीकृत विस्फोटक पदार्थो के संबंध में लापरवाही आचरण से एक मुकदमे 01 अभियोग में तथा सिंभावली पर दर्ज धार्मिक स्थल के नुकसान पहुंचाने के एक मामले में न्यायालय ने दोषियों को कारावास व जुर्माने की सजा सुनाई है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 20 मई को आपके शहर में क्या हुआ
पावली खास रोड पर गश्त करते समय पुलिस टीम ने एक आरोपी को तमंचे और कारतूस के साथ पकड़ लिया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि आरोपी की पहचान अमन निवासी पावली खास थाना कंकरखेड़ा के रूप में हुई। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
रेलवे रोड क्षेत्र में पकड़ा कॉस्मेटिक का नकली सामान
रेलवे रोड पुलिस ने सोमवार शाम दो दुकानों पर ब्रांडेड कंपनियों के नाम से बेचा जा रहा कॉस्मेटिक का नकली सामान पकड़ा। दोनों दुकानदारों को हिरासत में ले लिया। देर रात तक पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ करती रही।
ब्रांडेड कंपनियों के प्रतिनिधियों ने रेलवे रोड थाने में शिकायत की थी। इसमें बताया था कि उन्हें सूचना मिली है कि कुछ दुकानों पर उनकी कंपनी के नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ कुछ दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान दो दुकानों पर नकली सामान मिला।
पुलिस दुकानदार आकिब और आसिम को थाने ले आई और पूछताछ में जुट गई। सीओ कैंट संतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
लिसाड़ी गेट क्षेत्र के तारापुरी में युवक को तमंचे की बट से सरेराह बुरी तरह पीटने के मामले में दो आरोपियों की पहचान हो गई है। पुलिस ने दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना का वीडियो शनिवार को वायरल हुआ था। इसमें कुछ लोग युवक को बुरी तरह पीटते दिख रहे थे। एक युवक तमंचा निकालकर बट से युवक पर हमला कर रहा था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान श्यामनगर निवासी फरमान और गुलजार के रुप में हुई। उनके साथियों की पहचान अभी नहीं हुई। पीड़ित फिरोज है और ब्रह्मपुरी क्षेत्र का रहने वाला है। पीड़ित ने शिकायत नहीं की थी। पुलिस ने अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को तलाश कर रही है।
एसएसपी से मिले अधिवक्ता
अधिवक्ता से अभद्रता के मामले में दरोगा पर कार्रवाई की मांग को लेकर मेरठ बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एसएसपी डॉ. विपिन ताडा से मिले। एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि शुक्रवार को मेरठ बार के वरिष्ठ सदस्य उदयभान शर्मा के साथ शारदा रोड चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने अमर्यादित व्यवहार किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इससे अधिवक्ताओं में काफी रोष है। अध्यक्ष संजय शर्मा एवं महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा ने एसएसपी को प्रकरण के बारे में अवगत कराया। अधिवक्ताओं ने दरोगा पर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने इस बारे में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कंकरखेड़ाथाना क्षेत्र की रोहटा रोड पर जवाहरनगर कॉलोनी में महिलाओं की पिटाई के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई की है। कॉलोनी निवासी महालक्ष्मी ने रविवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया था कि पड़ोस में रहने वाले चार युवक जबरन उसके घर में घुस गए थे। दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मिहलाआंे को पीटने का वीडियो वायरल हो गया। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने बतायाकि दोनों पक्षों के छह आरोपियों अजय, कार्तिक, गौरव कुमार उर्फ जेटली, अमन, शंकर व सुरेश उर्फ बाबू के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
बाइक में स्कूटी की टक्कर के बाद हुई मारपीट
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सूरजकुंड रोड हनुमानपुरी में सोमवार रात करीब 10 बजे दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें महिला और उसके दो बेटे घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है। हनुमानपुरी निवासी अभिषेक ने बताया कि सोमवार रात उसकी बाइक घर के बाहर खड़ी थी। पड़ोसी युवक ने स्कूटी से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। इसमें अभिषेक और उसकी मां राजबाला व भाई तरुण घायल हो गए। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।