ट्रेवल्स गैंग का खुलासा: किराए पर गाड़ी लेकर बनाते थे डुप्लीकेट चाबी, फिर बुकिंग के बहाने करा लेते थे चोरी
मेरठ की पल्लवपुरम पुलिस ने डुप्लीकेट चाबी से किराए पर ली गई गाड़ियों की चोरी करने वाले गैंग का खुलासा किया है। तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जो देहरादून में ट्रेवल्स के नाम पर गाड़ियों की बुकिंग करते थे और फिर चोरी कर लेते थे।
विस्तार
मेरठ के पल्लवपुरम की एटूजेड कॉलोनी से चोरी हुई देहरादून निवासी विनोद विज की चोरी हुई कार को रविवार देर रात पुलिस ने दुल्हैड़ा मैथना मार्ग से बरामद कर लिया। पुलिस ने कार के साथ तीन चोरों को भी पकड़ा है। तीनों चोर गाड़ी को बुकिंग पर देकर दूसरी चॉबी से गाड़ी चोरी कर लेते थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि देहरादून निवासी विनोद एटूजेड कॉलोनी में अपने दोस्त से मिलने आए थे। गाड़ी कॉलोनी में खड़ी करके वह दोस्तों के साथ घूमने चले गए थे। जानकारी हुई कि कॉलोनी से कार चोरी हो गई। कांवड़ यात्रा के बाद उन्होंने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि रविवार देर रात पुलिस दुल्हैड़ा-मैथना चौराहे रजवाहे के पास चेकिंग कर रही थी।
यह भी पढ़ें: Meerut: मरीज मौत के मुंह में था और डॉक्टर नींद में, जगाने से भी न जागे, मेडिकल में लापरवाही से गई युवक की जान
उन्होंने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवारों ने गाड़ी को दौड़ा लिया। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और तीन चोरों को पकड़ लिया। पकड़े गए चोरों ने पूछताछ में अपना नाम गागलहेड़ी सहारनपुर निवासी अमजद, सद्दाम, मोहल्ला कैलाशपुर गागलहेड़ी निवासी मोहम्मद इंतजार बताया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 56 हजार 500 रुपये, तीन मोबाइल भी बरामद किए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सद्दाम ने बताया कि उसने देहरादून में उत्तराखंड टूर एंड ट्रेवल्स के नाम से बुकिंग एजेंसी खोल रखी है। वह, स्थानीय निवासियों की गाड़ी किराए पर लेता था और उसे बुकिंग पर दे देता था।
बुकिंग पर ली गई गाड़ियों की वह नकली चॉबी बनवा लेता था। जब, गाड़ी बुकिंग पर चली जाती तो उसे पूरी जानकारी होती थी कि गाड़ी कहां गई है, जिसके बाद वह अपने दोनों साथी अमजद व इंतजार के साथ वहां पहुंचकर दूसरी चॉबी से गाड़ी चोरी करके ले जाता था। अब, तक तीनों ने कितनी गाड़ियां चोरी की, इसकी पुलिस जानकारी करने में जुटी है।