मेरठ: खेत की पैमाइश के नाम पर 30 हजार रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
मेरठ सदर तहसील में एंटी करप्शन टीम ने खेत की पैमाइश के नाम पर 30 हजार रुपये रिश्वत लेते कानूनगो धर्मपाल सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। शिकायत के बाद टीम ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की।
विस्तार
मेरठ सदर तहसील में खेत की पैमाइश के नाम पर रिश्वत मांगने वाले कानूनगो धर्मपाल सिंह को एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को 30 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तहसील सदर में कानूनगो के पद पर तैनात है। आरोप है कि वह आलमपुर निवासी दलसिंह से खेत की पैमाइश कराने के नाम पर कई दिनों से रिश्वत की मांग कर रहा था।
तीन दिन पहले की थी शिकायत
मंडली थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी दलसिंह ने करीब तीन दिन पहले एंटी करप्शन टीम से कानूनगो द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच की और आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ने की योजना बनाई।
यह भी पढ़ें: मेरठ में शौर्य की उड़ान: वायुसेना की सूर्यकिरण टीम रचेगी इतिहास, नौ हॉक विमान आकाश में दिखाएंगे हैरतंगेज करतब
बुधवार को दलसिंह 30 हजार रुपये की रिश्वत लेकर कानूनगो के कार्यालय पहुंचा। बताया गया कि जैसे ही धर्मपाल सिंह ने रकम ली, एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
तहसील परिसर में मचा हड़कंप
एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से सदर तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। टीम ने आरोपी कानूनगो को हिरासत में लिया और मेडिकल परीक्षण के लिए ले गई।
मेडिकल के बाद देहली गेट थाने पहुंचाया
मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी धर्मपाल सिंह को देहली गेट थाने लाया गया। एंटी करप्शन टीम की ओर से उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी टीम
एंटी करप्शन टीम रिश्वत से जुड़े पूरे मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है। शिकायत, ट्रैप कार्रवाई और बरामद रकम के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।