{"_id":"6afc47ebd3707de88f008dfd","slug":"meerut-ambulance-turns-into-a-fireball-on-ganga-expressway-it-was-returning-to-amroha-2026-11-17","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"मेरठ: गंगा एक्सप्रेसवे पर आग का गोला बनी एंबुलेंस, मेडिकल कॉलेज में मरीजों को छोड़कर लौट रही थी अमरोहा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मेरठ: गंगा एक्सप्रेसवे पर आग का गोला बनी एंबुलेंस, मेडिकल कॉलेज में मरीजों को छोड़कर लौट रही थी अमरोहा
Tue, 17 Nov 2026 05:56 PM IST
Mohd Mustakim
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
Published by: Mohd Mustakim
Updated Tue, 17 Nov 2026 05:56 PM IST
सार
गंगा एक्सप्रेसवे पर गांव बधौली में खड़खड़ी टोल प्लाजा के निकट एंबुलेंस में वायरिंग शॉर्ट होने से आग लग गई। चालक और ईएमटी ने कूदकर जान बचाई। फायर ब्रिगेड ने आकर आग बुझाई।
विज्ञापन
जली एंबुलेंस।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर अमरोहा लौट रही सरकारी एंबुलेंस अचानक आग का गोला बन गई। खड़खड़ी टोल प्लाजा से कुछ मीटर आगे एंबुलेंस की वायरिंग में आग लग गई। चालक और ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरी एंबुलेंस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एंबुलेंस पूरी तरह जल चुकी थी।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह अमरोहा से सरकारी एंबुलेंस मरीजों को लेकर मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंची थी। एंबुलेंस में ईएमटी प्रेम और चालक सतबीर तैनात थे। मरीजों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के बाद दोनों एंबुलेंस से अमरोहा लौट रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर गांव बधौली के पास खड़खड़ी टोल प्लाजा से कुछ मीटर आगे पहुंचते ही एंबुलेंस की वायरिंग से अचानक धुआं उठने लगा। चालक और ईएमटी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग भड़क उठी। दोनों ने तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
विज्ञापन
देखते ही देखते एंबुलेंस आग की लपटों से घिर गई। पुलिस नियंत्रण कक्ष और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक एंबुलेंस जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। घटना के दौरान एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सुरक्षा टीम ने दोनों ओर से वाहनों को रोककर आग बुझाने का रास्ता साफ कराया। हादसे में चालक सतबीर और ईएमटी प्रेम सुरक्षित बच गए।
विज्ञापन
