बुलंदशहर बवाल के बाद प्रशासन सख्त, SSP बोले- गोकशी में जेल जाएगा पूरा परिवार
बुलंदशहर में गोकशी के शक में हुए बवाल के बाद अब गौ-तस्करों को रडार पर लेना शुरू कर दिया है। एसएसपी अखिलेश कुमार ने एसपी देहात और एसपी सिटी को गौ-तस्करों के सत्यापन के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने कहा कि गोकशी की घटना में पूरे परिवार को जेल भेजा जाएगा।
एसएसपी अखिलेश कुमार ने बताया कि पिछले दस साल में गोवध अधिनियम के जितने भी मामले दर्ज हुए हैं, उनमें आरोपियों का सत्यापन शुरू करा दिया गया है। जेल से छूटने के बाद कहां रह रहे हैं और क्या काम कर कर रहे हैं। जो भी मुकदमे गोकशी के दर्ज हुए हैं, उनमें जो भी वांछित फरार हैं उनकी गिरफ्तारी के लिए दस दिन का समय दिया गया है। गौ-तस्करों पर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर और रासुका के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। परिवार के लोग जो भी गौ-तस्करों से मदद ले रहे हैं, चाहे मीट को घर में छिपा रहे हैं, या मीट को बेचते हैं या उनकी जानकारी में गोकशी हो रही है, तो परिवार के लोगों को भी पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। प्रत्येक गांव की सूचना के लिए बीट सिपाही को जिम्मेदारी दी गई है। गांव के चौकीदार ने यदि पुलिस को सूचना नहीं दी, तो कार्रवाई की जाएगी। गांव प्रधानों के साथ प्रत्येक 15 दिन में इंस्पेक्टर और सीओ बैठक करकर इनपुट लेंगे।
गाय से जुड़ी होती हैं भावनाएं
एसपी देहात राजेश कुमार का कहना है कि गाय से भावनाएं जुड़ी होती है। गोकशी के बाद अचानक भीड़ जुटती है और पुलिस के लिए शांति व्यवस्था चुनौती बन जाती है। खरखौदा, परीक्षितगढ़ में पुलिस ने परिवार के लोगों को भी गोकशी में नामजद किया है।
देहात में 205 गौ-तस्करों की गई गिरफ्तारी
एसपी देहात ने बताया कि इस साल देहात में 205 गौ-तस्करों की गिरफ्तारी की गई और 83 हाजिर हुए। किठौर में सबसे अधिक 22 मामले दर्ज हुए, जबकि देहात के थानों में 87 मामले दर्ज हुए, 59 में चार्जशीट दाखिल की गई। दो में एफआर और 26 की विवेचना चल रही है। 316 लोगों को गोवध में नामजद किया गया। वांछितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/