मेरठ: घर के बाहर खेल रही ढाई साल की बच्ची संदिग्ध हालात में लापता, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के डूंगर गांव में घर के बाहर खेल रही ढाई साल की बच्ची संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों ने संभावित जगहों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
विस्तार
मेरठ जिले के रोहटा थाना क्षेत्र के डूंगर गांव में ढाई साल की मासूम बच्ची बुधवार शाम को रहस्यमयी हालात में घर के बाहर से गायब हो गई। बच्ची के लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने हर संभावित जगह पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई पता नहीं चला तो थाने में जाकर घटना की जानकारी दी।
परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, डूंगर गांव निवासी अमित पुत्र रमेश की ढाई वर्षीय बेटी नेहा बुधवार की शाम घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद वह अचानक लापता हो गई।
यह भी पढ़ें: आस्था हत्याकांड: नहीं मिला कटा हुआ सिर, एक आरोपी की तलाश, मजबूत पैरवी के लिए जुटाए जा रहे इलेक्ट्रोनिक साक्ष्य
परिजनों ने आस-पास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां भी बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना की सूचना मिलते ही रोहटा थाना पुलिस हरकत में आई और बच्ची की गुमशुदगी दर्ज कर ली। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
बच्ची की गुमशुदगी को लेकर गांव में भी चिंता का माहौल है और लोगों ने बच्ची की सकुशल वापसी की प्रार्थना की है।