महिला से दुष्कर्म के मामले में बर्खास्त फौजी गिरफ्तार, बस चालक व कंडक्टर पर आरोप लगाती रही महिला, फिर..
- -बर्खास्त फौजी और उसके दोस्त ने महिला से किया सामूहिक दुष्कर्म
- - बेहोशी की हालत में पीड़ित को फ्लाईओवर के पास सड़क पर फेंका
- - महिला के मोबाइल की सीडीआर से हुआ खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
विस्तार
मेरठ में बर्खास्त फौजी ने दोस्त के साथ मिलकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर बेहोशी की हालत में उसे दिल्ली रोड फ्लाईओवर के पास सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
दिनभर महिला बस ड्राइवर और कंडक्टर पर दुष्कर्म का आरोप लगा रही थी। पुलिस ने महिला के फोन की सीडीआर निकालकर बर्खास्त फौजी को गिरफ्तार कर लिया। दिनभर सीमा विवाद में तीन थानों की पुलिस उलझी रही।
ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित मेवला फ्लाईओवर के पास शनिवार सुबह छह बजे नग्न अवस्था में एक महिला बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़ी मिली। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। आरोप है कि पीड़िता को पुलिस अस्पताल परिसर में छोड़कर चली गई। करीब एक घंटे बाद महिला पर्ची काउंटर के बाहर पड़ी देखी गई।
डॉक्टरों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया और देहली गेट थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। दोपहर करीब 12 बजे सदर पुलिस को जानकारी मिली कि जिला अस्पताल में भर्ती महिला भैसाली बस अड्डे के पास से अगवा हुई थी। एसओ सदर अस्पताल पहुंचे। महिला ने बस के ड्राइवर, कंडक्टर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और सड़क पर फेंकने की बात कही।
ब्रह्मपुरी पुलिस ने जांच शुरू की। एएसपी कैंट ईरज राजा, सीओ ब्रह्मपुरी और सीओ कोतवाली भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने महिला के मोबाइल की सीडीआर निकली, जिसमें महिला द्वारा सेना से बर्खास्त फौजी संजीव कुमार को शुक्रवार शाम 5:30 पर भैसाली बस अड्डे से फोन किया गया था। पुलिस ने बर्खास्त फौजी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बर्खास्त फौजी ने बताया कि वह और उसका दोस्त महिला को लेकर टीपी नगर क्षेत्र के देवलोक कॉलोनी में गए थे, जहां तीनों ने शराब पी और फिर दुष्कर्म की वारदात की। महिला बेहोश हो गई, जिसे शनिवार सुबह पांच बजे वह दिल्ली रोड पर मेवला फ्लाईओवर के पास फेंक आए थे।
बर्खास्त फौजी को गिरफ्तार कर लिया है। दिनभर महिला बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर दुष्कर्म का आरोप लगाती रही। महिला के मोबाइल की सीडीआर से मामले का खुलासा हुआ। बर्खास्त फौजी के साथी की तलाश जारी है। महिला सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। - अजय साहनी, एसएसपी