युवती का धर्मांतरण कराकर करना चाहता था कोर्ट मैरिज, पकड़े जाने पर उगला ज़हर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में शादी से 15 दिन पहले युवती की मौत के मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोपी शादाब ने युवती के मंगेतर को अश्लील वीडियो भेजकर शादी तुड़वाने और युवती का धर्मांतरण कराने की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर प्रेसवार्ता में इसका खुलासा किया। वहीं युवती के परिजनों ने पुलिस लाइन पहुंचकर हंगामा कर दिया। साथ ही आरोपी को हिरासत से छुड़ाकर पीटने के इरादे से पुलिस की बोलेरो के आगे लेट गए। पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई। वहीं भाजपा नेताओं ने इसे लव जिहाद का मामला बताया है।
एसपी देहात राजेश कुमार और सीओ सदर देहात रामअर्ज ने सोमवार दोपहर पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। एसपी देहात ने बताया कि इंचौली के लावड़ इलाके में एक युवती ने एक जनवरी को खुदकुशी की थी। परिजनों ने शादाब पुत्र सुलेमान को नामजद किया था। आरोपी दूसरे समुदाय का होने के चलते सांप्रदायिक तनाव की स्थिति थी। युवती की शादी 15 दिन बाद होनी थी।
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि युवती की अश्लील वीडियो आरोपी शादाब ने उसके मंगेतर को भेज दी थी। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने खुदकुशी की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी शादाब ने युवती के मंगेतर को अश्लील वीडियो भेजना कबूल किया है। वह युवती की शादी तुड़वाना चाहता था और ब्लैकमेल कर जबरन धर्मांतरण कर उससे शादी करने का प्लान बना चुका था। युवती की मौत के बाद आरोपी दिल्ली भाग गया था। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को इंचौली पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी शादाब से युवती का मोबाइल भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
पढ़ें : युवती का धर्मांतरण कराकर कोर्ट मैरिज की कोशिश, कचहरी में हुआ बवाल
शादाब ने किया भरोसे का कत्ल
युवती के पिता दिव्यांग हैं और मां की मौत हो चुकी है। उनकी पटाखे बनाने की फैक्ट्री है, जहां आरोपी शादाब करीब तीन साल से नौकरी करता था। शादाब पर युवती के परिजन बहुत भरोसा करते थे। शादाब को वह अपने परिवार का सदस्य ही मानते थे। एक महीने पहले युवती का रिश्ता उसके पिता ने एक युवक से किया था। इसकी जानकारी शादाब को थी। आरोपी ने युवती को बदनाम करने की नियत से उसके मंगेतर को अश्लील वीडियो भेजी। जिससे क्षुब्ध होकर युवती ने खुदकुशी की। पीड़ित परिवार बोल कि शादाब ने भरोसे का कत्ल किया है।
शादाब पकड़ा गया, इसकी जानकारी लगते युवती के परिजन पुलिस लाइन पहुंच गए। पीड़ितों ने पुलिस से कहा कि आरोपी को एक बार हमें दिखा दो। उसने हमारे परिवार की होनहार बेटी का कत्ल किया है। हम उसे कैसे छोड़ सकते हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवार को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। पीड़ित परिवार ने कहा कि हम बर्बाद हो चुके है। इसको नहीं छोड़ेंगे।
गाड़ी के आगे लेट परिजन
इस बीच पुलिस गुपचुप तरीके से आरोपी को कोर्ट ले जाने लगी। तभी पीड़ित परिवार का एक व्यक्ति पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गया। इस पर एसपी देहात प्रेसवार्ता से निकलकर बाहर आए। एसपी देहात ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। तब जाकर पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। एसपी देहात राजेश कुमार ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि पुलिस आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी।
पढ़ें : युवती का धर्मांतरण कराकर कोर्ट मैरिज की कोशिश, बखेड़ा
एक सप्ताह से चूल्हे तक नहीं जले
पुलिस लाइन में पीड़ित परिवार फूट-फूटकर रोया। उनका कहना था कि एक सप्ताह से उनके घर में चूल्हे तक नहीं जले हैं। परिवार की लाड़ली हमेशा के लिए चली गई और समाज में उनकी बदनामी हो गई। आरोपी पर हत्या का केस दर्ज होना चाहिए। वह जबरन शादी करना चाहता था, जिसका युवती ने विरोध किया था।
पांच लाख का मुआवजा मिला
भाजपा नेता विनीत शारदा ने इस मामले को लव जिहाद का बताया है। चार दिन पहले भाजपा नेता पीड़ित परिवार से मिलने गए थे। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए पांच लाख रुपये के मुआवजे की मांग की थी। सोमवार को प्रशासन ने पीड़ित परिवार को पांच लाख मुआवजा देने की संस्तुति कर दी है। भाजपा नेता ने आरोपी पर रासुका लगवाने का भरोसा पीड़ित परिवार को दिया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/