Meerut: पुनीत की मौत मामले में खुलासा, अफेयर का शक, बंधक बनाकर पिटाई, खौफ में छत से गिरे थे युवक-युवती
नोएडा के चौड़ा रघुनाथपुर गांव में युवक-युवती के छत से गिरने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार दोनों पिटाई और बंधक बनाए जाने के बाद भागने के प्रयास में छत से गिरे थे।
विस्तार
नोएडा के चौड़ा रघुनाथपुर गांव में युवक-युवती के छत से गिरने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों को घर में बंधक बनाकर पीटा गया था और डर के कारण भागने के प्रयास में वे छत से नीचे गिर गए। हादसे में मेरठ के उल्देपुर निवासी पुनीत चौहान की मौत हो गई, जबकि युवती दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: CM Visit: देवबंद में आज सीएम का सियासी शक्ति प्रदर्शन, ये रूट रहेगा डायवर्ट, कलक्ट्रेट में विरोध का एलान
पुलिस के अनुसार पुनीत चौहान की पहचान चौड़ा गांव निवासी हितेश राणा की पत्नी चंचल से सामाजिक माध्यम के जरिए हुई थी। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और समय के साथ बातचीत बढ़ती चली गई।
हितेश अक्सर काम के सिलसिले में घर से बाहर रहता था। इसी दौरान उसे पत्नी और पुनीत के बीच बढ़ती नजदीकियों की जानकारी मिली। परिवार की ओर से भी हितेश को इस बारे में बताया गया था, जिसके बाद उसने पत्नी को पुनीत से दूरी बनाने के लिए कहा था। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क जारी रहा।
पुलिस जांच में सामने आया कि रविवार रात चंचल ने पुनीत को बातचीत के बहाने घर बुलाया था। पुनीत अपनी महिला मित्र विद्या के साथ रात करीब दस बजे वहां पहुंचा।
आरोप है कि घर पहुंचते ही हितेश ने दोनों को कमरे में बंद कर दिया और पुनीत की हॉकी स्टिक से पिटाई की गई। सोमवार तड़के दोनों ने पानी मांगा और मौका मिलते ही हितेश को धक्का देकर छत के रास्ते भागने का प्रयास किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों नीचे गिर गए।
युवक की मौत, युवती अस्पताल में भर्ती
हादसे में पुनीत चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हितेश राणा और उसकी पत्नी चंचल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई हॉकी स्टिक भी बरामद कर ली गई है।
परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
पुनीत के पिता कृष्ण चौहान ने इस घटना को सुनियोजित हत्या बताया है। उनकी शिकायत पर सेक्टर-24 कोतवाली पुलिस ने हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।