यूपी: परिजनों की डांट से आहत प्रेमी जोड़े ने खाया जहर, इसलिए अधूरी रह गई प्रेम कहानी
प्यार में साथ जीने मरने की कसमें खाने वाले प्रेमी जोड़े ने जहर खा लिया। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां युवक ने दम तोड़ दिया।
घटना उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की है। यहां गांव छपार के मजरा जयभगवानपुर में प्रेमी युगल ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जहर खा लिया। परिजन दोनों को अस्पताल ले गए, जहां युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
छपार गांव के मजरा जयभगवानपुर निवासी युवक-युवती अपने-अपने परिवार के साथ उत्तराखंड के कस्बा लंढौरा में स्थित ईंट भट्ठे पर काम करते थे। भट्ठे पर काम करने के दौरान ही दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। जिस पर दोनों के परिजनों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे एक-दूसरे के साथ शादी करने की जिद पर अड़ गए। रविवार सुबह ईंट भट्ठे पर दोनों के परिजनों ने डांटते हुए उनकी शादी करने से स्पष्ट इनकार कर दिया।
पढ़ें : प्रेमी युगल ने जहर खाकर दी जान, लाशों को देख उड़े परिजनों के होश
परिजनों के इस व्यवहार से प्रेमी युगल इतना आहत हुआ कि बिना किसी को बताए वहां से एक-दूसरे के साथ ही घर लौटने के लिए निकल गए। दोनों ने छपार में आकर किसी दुकान से जहर खरीदकर खा लिया। जहर खाने के कुछ देर बाद ही दोनों की हालत बिगडऩे लगी। आनन-फानन में परिजन घर लौटे और दोनों को गांव के ही एक डॉक्टर को दिखाया, जिसने उनकी हालत नाजुक बताते हुए दोनों को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
परिजन दोनों को एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां युवक की मौत हो गई, जबकि युवती की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। युवक की मौत के बाद परिजन गुपचुप तरीके से उसकी लाश लेकर गांव लौट गए, जहां बिना किसी पुलिस कार्रवाई के लाश का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले में इंस्पेक्टर छपार सुभाष राठौर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। यदि कोई इस संबंध में शिकायत करता है तो हरसंभव कार्रवाई की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/