'लव जिहाद' के नाम पर युवक की धुनाई, विहिप कार्यकर्ताओं समेत 50 पर संगीन धाराओं में केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस की गाड़ी में मेडिकल छात्रा की पिटाई के मामले में विहिप कार्यकर्ताओं समेत करीब 50 लोगों पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस प्रकरण में एक और वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता छात्रा के सहपाठी को पुलिस के सामने पीट रहे हैं। कह रहे हैं कि पढ़ाई करने आया है कि लव जिहाद चलाने। यह वीडियो रविवार का ही बताया जा रहा है।
मेडिकल थाने में तैनात दरोगा प्रमोद कुमार ने छात्र-छात्रा से मारपीट करने के मामले में विहिप कार्यकर्ता मनीष लोहिया, कृष्ण गोस्वामी, दीपक प्रताप, शिवदीप ठाकुर, गौरव चौहान, आयुष शर्मा, रोबिन चौहान, बिजेंद्र राना, योगेश सैनी, प्रशांत मलिक, नितेश पंवार, राजकुमार, शशांक त्यागी, विश्वास त्यागी, सुमित गिरि, भारत सिंह, हर्ष ठाकुर, मयंक त्यागी सहित 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस को क्यों छोड़ा गया
यूपी 100 पुलिस की गाड़ी में मेडिकल की छात्रा को पीटा गया। बेइज्जत भी किया गया। 30 सेकेंड की यह वायरल वीडियो पुलिस की कार्यशैली और मानसिकता की पोल खोल चुकी है। लेकिन इसके बावजूद भी इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। जिसको लेकर शहर में अलग-अलग चर्चाएं हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों को जांच करने की बात कहकर बचाने का प्रयास चल रहा हैं।
डिलीट हो वायरल वीडियो
बुधवार को सामने आई पीड़ित छात्रा ने कहा है कि पुलिस ने उसकी पिटाई की और अपशब्द भी कहे। अपील भी की है कि जो वीडियो वायरल हो रही, वह डिलीट होनी चाहिए। समाज में बेइज्जती हो रही है।
मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
इस प्रकरण का राज्य मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान ले लिया है। इस वीडियो को देखकर एसएसपी मेरठ और संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है। रिपोर्ट तलब की है कि पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की है।
शहर में रहा चर्चाओं का दौर
यह प्रकरण बुधवार को सामने आने पर शहर में चर्चाओं का दौर रहा। हर जगह इसी मामले की चर्चा होती रही। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो खूब वायरल होता रहा। लोगों ने वीडियो को देखने के बाद इस पर काफी कमेंट किए।
मुकदमा भी दर्ज होगा
तीनों पुलिसकर्मी सस्पेंड कर दिए हैं। होमगार्ड भी बर्खास्त हो गया है। पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज कर लिया है। जांच में पुलिसकर्मी दोषी मिलेंगे तो मुकदमा भी दर्ज होगा। -अखिलेश कुमार, एसएसपी मेरठ
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/