दौराला। कस्बा स्थित लक्ष्मी प्लाजा में शनिवार देर रात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर कृष्ण नाटक मंचन का आयोजन किया गया। इसमें नन्हें-मुन्हे बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का नाटक के माध्यम से प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ओमप्रकाश एवं बिट्टू चौधरी ने की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की बाल लीलाओं को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों ने वासुदेव बनकर भगवान श्रीकृष्ण को टोकरी में रखकर यमुना नदी पार कराकर गोकुल भेजने की प्रस्तुति दी। इसकी सभी ने जमकर तारीफ की। मंचन के बाद प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी धर्मेंद्र राठौर, दौराला व्यापार संघ अध्यक्ष हरपाल चौहान, चेयरपर्सन पति नवीन शर्मा, भाकियू नेता रविंद्र को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। यहां पर कृष्णा देवी, स्नेहलता चौधरी, पुरुषोत्तम उपाध्याय, लोकेश चौहान, राकेश गुप्ता, फकीर चंद, टिल्लू चौधरी, हिटलर आदि मौजूद रहे।