चेन्नई एक्सप्रेस में लाखों की डकैती, नकाबपोश बदमाशों ने दर्जनों यात्रियों से की लूटपाट, मामला दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चेन्नई से देहरादून जाने वाली 12687 चेन्नई एक्सप्रेस शुक्रवार रात लगभग सवा दो बजे सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। सहारनपुर से ढाई बजे देहरादून के लिए रवाना हुई। जैसे ही ट्रेन बलियाखेड़ी ब्लाक के हिंडन केबिन के पास पहुंची तभी चेन खींचकर ट्रेन रोक दी गई। कुछ यात्रियों के अनुसार ट्रेन के रुकते ही कोच संख्या एस वन, एस टू, एस थ्री में तीन से चार लोग घुस गए और कोच में सो रहे यात्रियों को जगाकर उन्हें चाकू दिखाकर आतंकित किया। इसके बाद उन्होंने नगदी, जेवर आदि की लूट शुरू कर दी। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों को आतंकित कर लगभग 20 यात्रियों से लाखों रुपये की नगदी और आभूषण लूटे गए। इस दौरान एस थ्री कोच में सवार हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित वानप्रस्थ आश्रम निवासी आरसी त्रिपाठी ने बदमाशों का विरोध करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने चाकू और भारी वस्तु से हमलाकर आरसी त्रिपाठी को घायल कर दिया। तीनों कोचों में लूट के बाद चौथे कोच एस फोर में कुछ बदमाशों ने घुसने का प्रयास किया तो यात्रियों ने शोर सुनकर शटर और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। लगभग 50 मिनट तक ट्रेन रुकी रही। उसके बाद ट्रेन चली।
जैसे ही ट्रेन रुड़की पहुंची तो यात्रियों ने जीआरपी को वारदात की जानकारी दी। चेन्नई एक्सप्रेस में डकैती की वारदात की सूचना मिलते ही जीआरपी में हड़कंप मच गया। रात में ही सहारनपुर जीआरपी को सूचना दी गई। सुबह तक अधिकारी सहारनपुर पहुंच गए। जीआरपी रुड़की के अधिकारी भी यात्रियों को लेकर सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। रेलवे सीओ रामलखन मिश्र ने यात्रियों से पूछताछ की।
एक यात्री ने कराई रिपोर्ट दर्ज
चेन्नई एक्सप्रेस में सवार परिवार के साथ चेन्नई से रुड़की जा रहे रुड़की आईआईटी में शोधकर्ता के कुमार शनिवार सुबह सहारनपुर पहुंचे। उन्होंने जीआरपी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा गया है कि वह कोच एस-3 में सीट नंबर 59, 61 और 62 पर बैठे हुए थे। तभी चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे। चारों के हाथ में चाकू थे। आरोपियों ने उन्हें चाकू दिखाकर आतंकित किया। उनके परिचार के तीनों सदस्यों से सोने की चेन, तीस हजार रुपये की नकदी, एलईडी टीवी, एटीएम कार्ड आधार कार्ड लूट लिए। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने एस-वन और एस-टू में भी लूट की थी।
चार-पांच यात्रियों से हुई है लूट - थानाध्यक्ष
सहारनपुर जीआरपी थाना प्रभारी राशिद अली का कहना है कि चेन्नई एक्सप्रेस को हिंडन केबिन के पास कुछ बदमाशों ने चेन खींच कर रुकवाया और एस-थ्री कोच में सवार चार-पांच यात्रियों से लूटपाट की है। बदमाशों की संख्या चार बताई जा रही है।
तीन बार की गई चेन पुलिंग
यात्रियों के अनुसार बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम देने से पहले हिंडन नदी के पुल से पहले ही ट्रेन की चेन पुलिंग करना शुरू कर दिया था। इस बीच ट्रेन में तीन बार चेन पुलिंग की गई। तीसरी बार चेन पुलिंग करने पर ट्रेन हिंडन नदी का पुल पार कर रुक गई। इसके बाद बदमाशों ने एक साथ ट्रेन स्लीपर कोच के एस-1, एस-2 व एस-3 में लूट की वारदात को अंजाम दिया। सभी बदमाशों ने नकाब पहना हुआ था।
बदमाश सहारनपुर से हुए थे सवार
ट्रेन में यात्रियों के साथ हुई डकैती की घटना से आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन के सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही बदमाश ट्रेन में सवार हो गए थे। इसके बाद हिंडन नदी के पास चेन पुलिंग करने के बाद कुछ बदमाश रास्ते में ट्रेन में चढ़े होंगे। इसके बाद ट्रेन में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल आरपीएफ और जीआरपी सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
एसओजी ने भी ली घटना की जानकारी
ट्रेन में डकैती की वारदात होने की सूचना पर रुड़की व हरिद्वार एसओजी ने भी रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इस दौरान एसओजी व जीआरपी ने पुराने बदमाशों को चिह्नित कर उनके बारे में जानकारी जुटाई। साथ ही जीआरपी ने वेस्ट यूपी के कई बदमाशों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है।
आरपीएफ सीआईबी ने भी डाला डेरा
मदुरई एक्सप्रेस ट्रेन में डकैती की वारदात होने की सूचना मिलते ही मुरादाबाद व अंबाला मंडल की आरपीएफ सीबीआई की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। साथ ही सहारनपुर से लेकर रुड़की के बीच का निरीक्षण किया। इस दौरान सीबीआई की टीम ने कई बिंदुओं पर जीआरपी व आरपीएफ से जानकारी ली।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/