लोकसभा चुनाव 2019: भाजपा भले ही इसे मुद्दा बनाए, पर फर्क नहीं पड़ेगा: देवबंदी उलमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक की कुप्रथा से निजात दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने कई वर्षों तक इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड, मुस्लिम तंजीमों और मुस्लिम समाज ने पुरजोर विरोध किया था। विपक्षी दलों के विरोध के बावजूद अध्यादेश पारित करा लिया गया था। अब भाजपा इसे चुनावी मुद्दा बनाकर लाभ लेने की कोशिश करेगी। उलमा कहते हैं कि चुनाव में भाजपा इसे मुद्दा जरूर बनाएगी, मगर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
इस मसले पर फतवा ऑनलाइन के चेयरमैन मौलाना मुफ्ती अरशद फारुकी का कहना है कि मुस्लिम औरतों के साथ और खासतौर पर मुस्लिम पर्सनल लॉ में जो तरमीम (बदलाव) और उसके खिलाफ तीन तलाक बिल मौजूदा हुकूमत लाई, यह हिंदुस्तान के बुनियादी ढांचे और दस्तूर (कानून) के खिलाफ है। किसी भी हिंदुस्तानी के हक को खत्म न किया जाए, चाहे वह मुस्लिम हो हिंदू, सिख या फिर इसाई हो।
अरबी के प्रसिद्ध विद्वान मौलाना नदीमुलवाजदी का कहना है कि भाजपा से पूरी उम्मीद है कि वह तीन तलाक को लोकसभा चुनाव में मुद्दा बनाएगी और इसका लाभ उठाने की कोशिश करेगी, लेकिन इसका कोई असर चुनाव में होने वाला नहीं है।
मदरसा जामिया शेखुल हिंद के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती असद कासमी का कहना है कि भाजपा तीन तलाक को मुद्दा जरूर बनाएगी। क्योंकि बीजेपी हमेशा कोई न कोई मुद्दा लाकर लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। जब भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं होता, तो कभी राम मंदिर कभी तीन तलाक जैसे मुद्दे उठाकर जनता का ध्यान अपनी तरफ खींचना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा कोई भी मुद्दा ले आए जनता बहुत परेशान हो चुकी है और लोग अब परिवर्तन चाहते हैं।
मुस्लिम महिलाओं को मिलना चाहिए इंसाफ : फरहा
सुप्रीम कोर्ट में तीन तलाक के मुद्दे पर पैरवी करने वाली अधिवक्ता फरहा फैज का कहना है कि मुस्लिम महिलाओं के हित में भाजपा अध्यादेश लाई थी। जाहिर सी बात है कि तीन तलाक को भाजपा मुद्दा बनाएगी, लेकिन छह महीने का समय निकल गया है। जरूरी यह है कि तीन तलाक से महिलाओं को पूरी तरह निजात मिले, क्योंकि अब भी ऐसे मामले सामने आते रहते हैं। तीन तलाक के कारण ही महिला की जिंदगी मुसीबतों में घिर जाती है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/