चुनाव परिणाम 2019: कल होगा दिग्गजों की किस्मत का फैसला, मतगणना की तैयारियों में जुटा प्रशासन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनावी मैदान में अब परिणाम का समय आ गया है। मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट पर मुकाबला कड़ा माना जा रहा है। भाजपा से राजेन्द्र अग्रवाल मैदान में हैं तो गठबंधन प्रत्याशी के रूप में बसपा से याकूब कुरैशी ने जोर आजमाइश की है। कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में हरेन्द्र अग्रवाल मैदान में हैं।
हालांकि इस सीट पर मुकाबला भाजपा और गठबंधन प्रत्याशी में सीधा नजर आ रहा है। यही कारण है जिसे लेकर अभी से माहौल में गरमाहट है। दोनों के समर्थक अपने अपने हिसाब से गणित लगा चुके हैं और अपनी अपनी जीत का दावा कर चुके हैं। उधर प्रशासन भी अपनी पूरी व्यवस्था चाक चौबंद करने में जुट गया है।
लोकसभा चुनाव की मतगणना 23 मई को कताई मिल परतापुर में होगी। इसके लिए सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है। मतगणना स्थल पर सुबह 7 बजे प्रत्याशी व उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम को खोला जाएगा। इसके बाद आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। यह जानकारी जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को बैठक में दी। उन्होंने सभी को निर्देश दिया कि मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
बचत भवन में आयोजित बैठक में डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना प्रारंभ करने से पूर्व ईवीएम स्ट्रांग रूम को आरओ, एआरओ, प्रत्याशियों निर्वाचन अभिकर्ताओं और प्रेक्षक भारत निर्वाचन आयोग की उपस्थिति में प्रात: 7 बजे खोला जाएगा। इस प्रकिया की वीडियोग्राफी करायी जाएगी। उन्होंने बताया कि डाक मत पत्रों को ट्रेजरी में सुरक्षित रखा गया है, जिनको 23 मई की प्रात: सुरक्षाबलों एवं पार्टी प्रतिनिधियों के साथ मतगणना स्थल पर पहुंचाया जाएगा।
ख़ास आपके लिए:- लोकसभा चुनाव नतीजे: आपके शहर में कौन आगे, कौन पीछे...पल-पल का हाल सीधे आपके मोबाइल पर
उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर प्रात: आठ बजे तक प्राप्त डाक मतपत्रों को मतगणना में शामिल किया जाएगा। मतगणना स्थल पर मोबाइल, धूम्रपान व ज्वलनशील पदार्थ प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना हॉल में 15 टेबल लगायी जाएगी, जिसमें से 14 पर मतगणना व एक टेबल एआरओ की होगी और उन पर एक एक मतगणना अभिकर्ता रहेगा।
उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान हर विधानसभा की 05-05 वीवीपैट मशीनों को रैंडमली आधार पर चयनित किया जाएगा और उसकी पर्चियों को वीसीबी बूथ पर काउंट किया जाएगा। कोई भी व्यक्ति मतगणना की स्थिति को आयोग की वेबसाइट पर राउंडवार देख सकेगा।
डीएम ने बताया कि मतगणना स्थल पर मतगणना संबंधी प्रत्येक कार्य की वीडियोग्राफी करायी जाएगी। प्रत्येक विधानसभा के मतगणना पंडाल व मतगणना स्थल के प्रवेशद्वार पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए गए हैं।
13 मतगणना कर्मियों पर रिपोर्ट के आदेश
मुख्य विकास अधिकारी आर्यिका अखौरी ने बताया कि 23 मई को मतगणना होगी। जिसके लिए कर्मियों को सनातन धर्म इंटर कालेज में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आयोग के सख्त निर्देश है कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी मतगणना संबंधी दायित्वों के प्रति लापरवाही बरते, उसके विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाएं।
आर्यिका अखौरी ने बताया कि 18 मई और 21 मई को प्रशिक्षण कार्य के दौरान 13 मतगणना कर्मचारी अनुपस्थित रहे। जिसमें 4 मतगणना सुपरवाइजर, 3 मतगणना माइक्रो आर्ब्जवर, 5 पोस्टल बैलेट कर्मचारी व 1 पोस्टज बैलेट माइक्रो आर्ब्जवर है। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 22 मई को सनातन धर्म इंटर कॉलेज में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक प्रशिक्षण का दूसरा सत्र आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों के उपस्थित होने के आदेश दिए हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/