अवैध मीट पैकेजिंग मामला: पूर्व मंत्री याकूब की करोड़ों की संपत्ति आज होगी जब्त, कोठी पर नोटिस चस्पा
पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की 31 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने के लिए पुलिस की तीन टीमें आज विभिन्न स्थानों पर पहुंचेंगी। जिले में 26 जगह याकूब की संपत्ति मिली है। इनमें 32 वाहन भी शामिल हैं। बुधवार को पुलिस ने कोठी पर जब्तीकरण का नोटिस चस्पा कर दिया था।
विस्तार
मेरठ पुलिस टीम ने याकूब परिवार की संपत्ति को जब्त कराने का दावा किया है। कार्रवाई के तहत पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी को सोनभद्र जेल में नोटिस भेजा गया है। पत्नी संजीदा बेगम, बेटे इमरान और फिरोज के न मिलने पर बुधवार को उनकी कोठी पर नोटिस चस्पा कराया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना कि सीओ किठौर रूपाली राय चौधरी के नेतृत्व में मुंडाली, खरखौदा और कोतवाली थाना पुलिस की टीम बना दी है।
हापुड़ रोड पर याकूब कुरैशी की फैक्टरी पर 31 मार्च 2022 को पुलिस ने छापा मारकर अवैध मीट की पैकिंग का भंडाफोड़ किया था। याकूब परिवार सहित 17 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। नवंबर 2022 में याकूब, उनकी पत्नी संजीदा बेगम, बेटे इमरान और फिरोज सहित सात लोगों पर गैंगस्टर में रिपोर्ट दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: बिजनौर में मजदूर ने साथी को उतारा मौत के घाट, मेरठ में संदिग्ध परिस्थिति में भाई-बहन लापता
गैंगस्टर 14 (ए) के तहत तीन दिन पहले डीएम दीपक मीणा ने याकूब की संपत्ति जब्त करने का आदेश कर दिया। पुलिस ने याकूब कुरैशी को सोनभद्र जेल में नोटिस भेजकर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस ने कोठी पर भी नोटिस चस्पा करा दिया।
एसएसपी का कहना कि जब्तीकरण की कार्रवाई से पहले कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। तीन थाने की कमेटी बनाई है। इसकी नोडल सीओ किठौर हैं। सीओ किठौर के नेतृत्व में आज याकूब की संपत्ति जब्त की जाएगी।
याकूब के छह जगह भवन और दस गांव में भूमि मिली है। पहले राउंड में पुलिस ने 31.77 करोड़ की संपत्ति को जब्त करने की बात कही है। दूसरे राउंड में हॉस्पिटल व स्कूल शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: शहीद दिवस: भगत सिंह मुकदमे में बिजनौर के आसफ अली ने दी थी सलाह, बागपत में बनी थी संसद में बम फेंकने की योजना