Meerut: आंधी-तूफान में भरभराकर गिरी शोरूम की दीवार, मजदूर की दबकर मौत, तड़प-तड़कर दम तोड़ा, रात भर दबा रहा शव
मोदीपुरम में कजरिया शोरूम के बाहर तेज आंधी में दीवार गिरने से मजदूर मंसूर की मौत हो गई। शव रातभर दीवार के नीचे दबा रहा, सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को दी सूचना।
विस्तार
बुधवार देर रात आई तेज आंधी-तूफान ने एक ज़िंदगी लील ली। मोदीपुरम फ्लाईओवर के पास बने कजरिया शोरूम के बाहर खड़ी दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। उसी वक्त वहां से गुजर रहा मजदूर मंसूर दीवार के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सबसे दर्दनाक पहलू ये रहा कि रातभर उसका शव मलबे में दबा रहा, किसी को भनक तक नहीं लगी। गुरुवार सुबह जब कुछ लोग सर्विस रोड से शोरूम के पास से गुजर रहे थे, तो दीवार के नीचे दबा शव दिखाई दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 22 मई को आपके शहर में क्या हुआ
पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पास एक टूटा मोबाइल मिला, जिसके सिम को निकालकर पुलिस ने अपने मोबाइल में डाला और कॉल्स के ज़रिए उसकी पहचान की। मृतक की पहचान बिहार निवासी मंसूर के रूप में हुई, जो मोदीपुरम की कोणार्क कॉलोनी में एक मकान पर मजदूरी का कार्य कर रहा था।
काम खत्म करने के बाद बुधवार रात वह घर लौट रहा था, लेकिन तूफान की तबाही ने उसकी राह ही रोक दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच की जा रही है।