Kanwar Yatra 2023: कांधे पर कांवड़,पांव में घुंघरू, जुबां पर 'बम भोले, तस्वीरों में देखें कांवड़ यात्रा के रंग
कांवड़ यात्रा में इस बार युवाओं के साथ बुजुर्ग, महिला और बच्चों में खूब उत्साह नजर आ रहा है। हालांकि अभी दिल्ली मेरठ हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या कम है लेकिन अगले एक दो दिन में पूरा हाईवे केसरिया रंग में रंगा नजर आएगा।
विस्तार
कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली मेरठ हाईवे पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू हो गया है। कांवड़ियों की संख्या जैसे जैसे बढ़ना शुरू हुई है, वैसे ही दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लग गई है।
कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली-देहरादून हाईवे पर रूट डायवर्जन शुक्रवार से लागू कर दिया गया। हाईवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर कांवड़ यात्रा पूरी होने तक रोक रहेगी। हालांकि अभी हाईवे से कांवड़ियों की संख्या कम है लेकिन अगले दो से तीन दिन में सैकड़ों शिवभक्त इस मार्ग से गुजरना शुरू हो जाएंगे। आज बारिश के बावजूद शिवभंक्त कांवड़ कांधों पर लिए मार्ग से गुजरे।
वहीं वाहनों पर रोक लगते ही मोहिउद्दीनपुर के पास भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि अभी हल्के वाहनों का आवागमन बना रहेगा। इसके साथ ही कांवड़ियों की संख्या के आधार पर रविवार से वन-वे लागू होने की संभावना जताई जा रही है।
कावंड़ यात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने पंद्रह दिन पहले रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया था। इसे शुक्रवार से लागू कर दिया गया। मेरठ दिल्ली रोड पर भी पुलिस ने बैरिकेडिंग करनी शुरू कर दी है। मार्ग वनवे किया जा रहा है। सभी कट बंद किए जा रहे हैं। वहीं मार्ग से जय महाकाल और बम भोले का उद्घोष करते हुए कांवड़िए गुजर रहे हैं।
कांवड़ियों की संख्या के बारे में एसपी यातायात दूसरे जिलों से संपर्क बनाए हुए हैं। वहां कांवडियों की संख्या ज्यादा होते ही वन-वे भी लागू कर दिया जाएगा। यातायात पुलिसकर्मियों की मौके पर ड्यूटी लगा दी गई है। सावन माह में कांवड़ में जल लाने की परंपरा है। लोग विभिन्न मनोकामनाएं लेकर कांवड़ लेकर आते हैं।