हस्तिनापुर। क्षेत्र के किशनपुर गांव स्थित गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव थल्ली साहिब में 77वां तीन दिवसीय जोड़ मेले का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विशाल भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन के दौरान परंपरागत वेशभूषा से सुसज्जित पंज प्यारे अपने हाथों में कृपाण लेकर शोभा बढ़ा रहे थे। उनके पीछे फूलों से सुसज्जित भव्य पालकी साहिब को श्रद्धालु लेकर चल रहे थे।
नगर कीर्तन का गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर संतपुरा, लतीफपुर व कंकरखेड़ा से होते हुए किशनपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में पहुंचकर संपन्न हो गया। नगर कीर्तन का कई स्थानों पर स्वागत किया गया। विशेष फूलों से सजे दरबार के आगे श्रद्धालुओं का एक जत्था वाहे गुरु, वाहे गुरु जी खालसा वाहे गुरु जी की फतेह कर रहा था। महिला श्रद्धालुओं का जत्था शाही सवारी के मार्ग को साफ कर रहा था तो दूसरा पुष्प बिछा रहा था। गतका पार्टी ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर सभी को हतप्रभ कर दिया। गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव थल्ली साहिब में शनिवार को तीन दिवसीय जोड़ मेला नगर कीर्तन के साथ प्रारंभ हुआ। नगर कीर्तन पंज प्यारों की अगुवाई में गुरुद्वारा साहिब से शुरू हुआ। गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी के आगे विशेष पोशाक में सजे पंज प्यारे चल रहे थे। इसके पश्चात फूल मालाओं से सजी हुई श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी थी। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाले गए नगर कीर्तन को संतपुरा, लतीफपुर व कंकरखेड़ा गांव से होता हुआ गुरुद्वारा साहिब में पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान कई स्थानों पर लोगों ने जलपान व लंगर की व्यवस्था की हुई थी। मुख्य ग्रंथी ज्ञानी सरबजीत सिंह ने बताया कि रात्रि में कीर्तन दरबार होगा व रविवार की सुबह निशान साहिब की रस्म अदा की जाएगी। नगर कीर्तन में मेला संयोजक दर्शन सिंह चाकर ने बताया कि तीन दिवसीय जोड़ मेला शनिवार से सोमवार तक चलेगा। जिसमें विभिन्न प्रदेशों से श्रद्धालु भाग लेंगे। इस दौरान इंद्र सिंह, अतर सिंह, गुरदास सिंह, बलजीत सिंह, जसबीर सिंह, गुरबचन सिंह, निहाल सिंह‚ गुरदेव सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद