UP: मेरठ-सहारनपुर में आजम खां के रिश्तेदारों के यहां आयकर विभाग की छापेमारी, टीम ने जुटाए महत्वपूर्ण दस्तावेज
मेरठ और सहारनपुर में बुधवार को आजम खां के रिश्तेदारों के यहां आयकर विभाग की छापेमारी से हड़कंप मच गया। मेरठ में हापुड़ रोड स्थित भवानीनगर में एक रिटायर्ड अधिकारी के घर पर छापेमारी की गई है। टीम सुबह सात बजे से कार्रवाई में जुटी है।
विस्तार
पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां के ठिकानों पर आयकर विभाग ने बुधवार सुबह छापेमारी की है। आजम खान के रामपुर, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, सीतापुर और लखनऊ में सुबह से आजम खां के जौहर ट्रस्ट में अंजाम दी गई गड़बड़ियों के सुराग तलाशे जा रहे हैं। मेरठ में आजम खां की संपत्तियों पर छापेमारी से हड़कंप मच गया। इसी तरह सहारनपुर में दिल्ली रोड स्थित एक मकान में टीम ने छापा मारा है।
जानकारी के अनुसार मेरठ में हापुड़ रोड स्थित भवानीनगर में विद्युत निगम से रिटायर अधिकारी के आवास पर बुधवार सुबह 7:00 बजे आयकर की टीम ने छापामारी की। बताया गया कि मौके पर कई गाड़ियां मौजूद हैं, अधिकारी घर के भीतर कार्रवाई में जुटे हैं।
विभागीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार रिटायर्ड अधिकारी आजम खान की रिश्तेदारी में है। लंबे समय तक यह अधिकारी रामपुर में कार्यरत रहे।
यह भी पढ़ें: सेना की वर्दी में ठगी: एक ज्वाइनिंग के नाम पर 10 लाख रुपये ठगता था फर्जी कर्नल, प्रिंटर पर तैयार करता था लेटर
रिटायर्ड अधिकारी के नाम पर मेरठ सहित विभिन्न शहरों में आजम खां की संपत्ति बताई जा रही है। हापुड़ रोड पर कॉम्प्लेक्स भी बनाया गया है। रिटायर्ड अधिकारी काफी समय से अस्वस्थ चल रहे हैं। टीम के द्वारा विभिन्न दस्तावेज की जानकारी जुटाई जा रही है।
छह माह पूर्व आयकर विभाग ने पूर्व मंत्री आजम खां, उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम के आयकर हलफनामे की फिर से जांच शुरू की थी। दरअसल, आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए आयकर हलफनामे में कई गड़बड़ियां मिली थी।
आयकर विभाग और ईडी करीब तीन साल से आजम खान और उनके परिजनों और जौहर ट्रस्ट की गहनता से पड़ताल कर रही है।