नितिन तिवारी होंगे मेरठ के नए एसएसपी, खट्टा एनकाउंटर के बाद रहे थे चर्चित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
2007 बैच के आईपीएस नितिन तिवारी को मेरठ का एसएसपी बनाया गया है। वह इलाहाबाद में बतौर एसएसपी तैनात थे। डीआईजी/एसएसपी मेरठ अखिलेश कुमार को लखनऊ में पीएसी डीआईजी बनाया गया है।
सहारनपुर में एसएसपी रहते हुए नितिन तिवारी ने कुख्यात इनामी राहुल खट्टा का एनकाउंटर किया था। खट्टा एनकाउंटर के बाद ही उनका नाम चर्चाओं में आया था। हालांकि इससे पहले भी वह कई बदमाशों का एनकाउंटर कर चुके हैं।
मेरठ में उनकी पोस्टिंग 2007 में ट्रेनिंग के दौरान हुई थी। ब्रह्मपुरी थाने का एक महीने चार्ज और फिर सीओ सदर बनाया गया था। सन् 2013 में नितिन तिवारी मुजफ्फरनगर में एसएसपी रह चुके हैं। मेरठ शास्त्रीनगर में उनकी ससुराल है। प्रदेश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। पब्लिक से उनका तालमेल बेहतर बताया जाता है।
इसको देखते हुए उनकी पोस्टिंग मेरठ में होनी बताई गई। वह आगरा जीआरपी एसएसपी, बनारस एसएसपी समेत कई जिले में एसएसपी के पद पर रहे हैं। मेरठ में उनकी पोस्टिंग होने पर कई लोगों ने फोन पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि अपराध कंट्रोल, कानून व्यवस्था और ट्रैफिक व्यवस्था उनकी प्राथमिकता में होगा। शुक्रवार को वह मेरठ की कमान संभालेंगे।
बेहतर रहा अखिलेश का कार्यकाल
डीआईजी/एसएसपी अखिलेश कुमार का मेरठ में करीब छह माह का कार्यकाल रहा। उनके कार्यकाल के दौरान अपराध पर अंकुश रहा। 100 से अधिक मुठभेड़ में कई अपराधी दबोचे गए। उनके ऑफिस में शिकायत करने वालों का ग्राफ भी घटा। हत्या, लूट, डकैती और चोरी की घटनाएं कम हुईं।
डीआईजी अखिलेश कुमार सिविल लाइन में सीओ सिविल लाइन ऑफिस के सामने दो मकानों में डकैती, हस्तिनापुर में कुख्यात द्वारा एक युवक की हत्या, फलावदा में सिपाही की हत्या, दौराला में अनुसूचित जाति की युवती की हत्या और खरखौदा में दिल्ली के हेड कांस्टेबल की हत्या की वारदात में मौके पर गए। कई चुनौतियां उनके सामने आईं। जिनको उन्होंने आसानी से निपटाया। उनके कार्यकाल में कानून व्यवस्था कायम रही।
नवागत एसपी सिटी और एसपी देहात ने संभाला चार्ज
नवागत एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, एसपी देहात अविनाश पांडेय ने बुधवार को मेरठ का चार्ज संभाल लिया है। दोनों अधिकारियों का कहना है कि अपराध कंट्रोल करना और कानून व्यवस्था बनाना पहली प्राथमिकता रहेगी। एसपी सिटी रणविजय सिंह हापुड़ में एएसपी बने थे। बुधवार को रणविजय सिंह का ट्रांसफर हापुड़ से निरस्त होकर पीवीवीएनएल में एएसपी बनाए गए हैं। मंगलवार उन्होंने एसपी सिटी मेरठ का चार्ज छोड़ दिया था।
एसपी देहात राजेश कुमार ने भी मंगलवार देर रात चार्ज छोड़ दिया था। राजेश कुमार फिरोजाबाद में एसपी देहात बनाए गए। बुधवार को कानपुर में एएसपी रहे आईपीएस अविनाश पांडेय ने एसपी देहात मेरठ की कमान संभाल ली है।
एसपी सिटी ने बताया है कि उनकी बागपत में पोस्टिंग रही है, जिसके चलते उनको वेस्ट यूपी की भौगोलिक स्थिति के बारे में जानकारी है। एसपी देहात ने बताया कि देहात की सारी जानकारी जुटाकर मजबूत पकड़ बनाई जाएगी। अपराधियों पर शिकंजा कसा जाएगा। वहीं सतपाल सिंह ने भी बुधवार को मेरठ से अपना चार्ज छोड़ दिया। उन पर सीओ क्राइम ब्रांच व एएसपी कैंट की जिम्मेदारी थी। उन्हें एसपी सिटी मुजफ्फरनगर बनाया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/