सहारनपुर: कोतवाल अरुण कुमार की सड़क हादसे में मौत, बाल-बाल बचे दो सिपाही
यूपी के सहारनपुर जनपद के थाना गंगोह इंस्पेक्टर की सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह सरकारी कार्य से हाईकोर्ट बेंच लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गए।
बताया गया कि कोतवाल दो सिपाहियों के साथ किसी सरकारी कार्य के लिए कार लेकर हाईकोर्ट बेंच लखनऊ के लिए निकले थे। यहां इटावा जनपद के नजदीक किसी वाहन को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में कोतवाल अरुण कुमार कार से बाहर गिर गए जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके साथ मौजूद दो सिपाही कार में ही रह गए और बाल-बाल बच गए।
बताया गया कि, इंस्पेक्टर अरुण कुमार मेरठ के सुरूरपुर थानाक्षेत्र के गांव पंडोली निवासी थे। वर्तमान में उनका परिवार मेरठ के गंगानगर में रहता है। इंस्पेक्टर की मौत की सूचना से पुलिस महकमें में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं हादसे की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।