Meerut News: ससुराल वालों पर दामाद की पीटकर हत्या करने का आरोप
मेरठ के गंगानगर में इंचौली गांव में 2.5 लाख रुपये के लेनदेन में ससुराल पक्ष पर दामाद उस्मान (35) की पीटकर हत्या करने का आरोप है। मंगलवार सुबह उसकी घर में मौत हो गई। वहीं, पुलिस पति-पत्नी के विवाद के बाद ससुराल पक्ष पर मारपीट की बात कह रही है। इंचौली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।मूल रूप से बागपत जनपद के कस्बा बड़ौत निवासी उस्मान का निकाह इंचौली गांव के छप्पर वाली मस्जिद मोहल्ला निवासी रिहाना से 11 साल पहले हुआ था। निकाह के बाद वह ससुराल में किराए पर रहने लगा। वह कबाड़ी का काम करता था। उस्मान की बहन गुलशन के मुताबिक उसके दो अन्य भाई भी इसी मोहल्ले में आकर किराए पर रहने लगे।
दोपहर करीब 1 बजे परिजनों ने इंचौली थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मोहल्ले में पूछने पर सामने आया कि उस्मान की पत्नी रिहाना और ननद गुलशन में विवाद हुआ। उस्मान ने अपनी पत्नी को चांटा मार दिया। वह नाराज होकर अपने मायके में चली गई और मारपीट के बारे में बताया। उसके बाद ससुर आदि ने मिलकर उस्मान को पीटा।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली
उस्मान के चार बच्चे रिहान, फैजान, साहिबा, शहरत हैं। पुलिस ने गली में एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज अपने कब्जे में ली है। वहीं, उस्मान के छोटे भाई इमरान ने ससुराल पक्ष द्वारा की गई मारपीट से मौत होने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
पीएम रिपोर्ट के बाद प्राथमिकी दर्ज होगी : सीओ
थाना पुलिस के जांच में पारिवारिक विवाद के बाद मारपीट की बात सामने आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद घटना में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से घटना की वास्तविकता की जांच कर रही है। -- सुधीर सिंह, सीओ सदर देहात