मवाना। कस्बा निवासी नितिन चौहान के गांव सठला स्थित खेत में लगभग दो दर्जन पशुओं के शव पडे़ मिले। वहीं, दो बोरों में मांस भरा था। पुलिस को मौके से दो छुरे तथा एक स्पेलंडर बाइक मिली। पुलिस ने पशु चिकित्सक द्वारा मीट के नमूने लेने के बाद मीट को जमीन में दबवा दिया। वहीं, हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता थाने पहुंचे तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की।
काबली गेट निवासी हिंदू जागरण मंच के नेता नितिन चौहान पुत्र वेदपाल सिंह के गांव सठला में खेत हैं। उन्होंने खेत एक व्यक्ति को ठेके पर दे रखे हैं। उसने सुबह में नितिन को फोन करके जानकारी दी कि खेत में पशुओं के अवेशष पडे़ हैं। दो लोग मांस निकाल रहे हैं। इस पर नितिन ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दो लोग फरार हो गए। पुलिस ने एक स्पेंलडर बाइक एवं दो छुरे कब्जे में ले लिये। वहीं, मौके से एक गाय, भैंस के दो लवारे समेत करीब एक दर्जन पशुओं के कंकाल मिले। दो बोरों में मांस भरा हुआ था। कार्यवाहक थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने पशु चिकित्सक को नमूने लेने के लिए बुलाया। इस संबंध में थाने में नितिन चौहान ने दो नामजद तथा 4-5 अज्ञात पर अवैध कटान करने की तहरीर दी है। वहीं, हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर हंगामा किया तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उधर, कार्यवाहक थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सैंपल लेने के बाद मीट को दबवा दिया है।