यूपी: पाबंदी के बावजूद यहां खूब बिक रहे अवैध पटाखे, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट, एनजीटी व यूपी सरकार की सख्ती के बावजूद मेरठ में सरूरपुर थाना क्षेत्र के मैनापूठी और गोटका गांव में स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से अवैध पटाखों का बाजार गुलजार हो गया है। ग्रीन पटाखों की आड़ में प्रतिबंधित सुतली बम खूब धड़ल्ले से ऊंचे दाम में बेचे जा रहे हैं। आला अफसरों की आंखों में धूल झोंककर अवैध पटाखा बाजार में बच्चे व महिलाएं प्रतिबंध पटाखे बेच रहे हैं।
मैनापूठी गांव में अवैध पटाखा बाजार सजा हुआ है। लेकिन पुलिस इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। यहां दिन निकलते ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
आलम यह है कि इस अवैध पटाखा बाजार में आतिशबाज अपने बच्चों से इस काम को अंजाम दिला रहे हैं। जो किसी खतरे से खाली नहीं है। अवैध पटाखा बाजार में पोटाश आदि भारी मात्रा में पटाखे बनाने के लिए रखी हुई है, बावजूद इसके पुलिस प्रशासन का इधर कोई ध्यान नहीं है। ऐसे में यहां हादसा होने की भी संभावना है।
यह भी पढ़ें: यूपी: शहर से देहात तक छापेमारी, पकड़े गए 56 लाख के अवैध पटाखे, 12 आरोपी गिरफ्तार
खास बात यह है कि अवैध पटाखों को कई गुना दामों पर बेचा जा रहा है। कोर्ट के आदेश को चुनौती देकर यहां दिन निकलते ही रोड पर अवैध पटाखों का बाजार गुलजार हो गया है और खरीदने वालों की भारी भीड़ लगी है। इससे जाम की स्थिति भी बनी हुई है।
एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान जारी है। अभी तक करोड़ों रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए जा चुके हैं। इसमें जो भी पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/