बुलडोजर चलाया तो... पुलिस की वर्दी... और अधिकारियों को सस्पेंड करा दूंगी
सुनो मेरी माता जी कमिश्रर के पास गई हैं, उनके आने के बाद ही बुलडोजर चलाना। हिम्मत है तो आगे बढ़ो मेरी बहन बीडीओ है, यदि किसी ने बुलडोजर चलाया तो पुलिस की वर्दी उतरवा दूंगी और अधिकारियों को सस्पेंड करा दूंगी। यह धमकी पल्लवपुरम में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम और स्थानीय पुलिस को एक महिला ने दी। महिला के हंगामे और विरोध के बीच टीम ने अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया।
मामला पल्लवपुरम फेज वन के सी पाकेट का है। यहां नरेंद्र चावला का मकान है, उसके साथ में उसकी बहन अंजू चावला भी रहती है। मकान के बाहर पशुओं के बांधने के लिए अतिक्रमण कर एक कमरा बनाया हुआ है। कॉलोनी के लोगों की शिकायत पर कमिश्नर प्रभात कुमार ने अतिक्रमण ध्वस्त करने और अतिक्रमण करने वाले पर 20 हजार जुर्माना लगाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। कमिश्नर का आदेश मिलते ही नगर निगम की टीम बुधवार सुबह अतिक्रमण हटाने पहुंची तो मकान में मौजूद महिलाओं ने टीम के साथ अभद्रता कर दी। इसके बाद टीम बैरंग लौट गई। नगर निगम के कर अधीक्षक अक्षय कुमार, सेनेट्री फूड इंस्पेक्टर विनोद, अभियंता कृष्णलाल दोपहर के समय पल्लवपुरम थाने पहुंचे। एसओ सुभाष अत्री को कमिश्नर का आदेश दिखाया। इसके बाद निगम की टीम फोर्स के साथ अतिक्रमण ध्वस्त करने पहुंच गई। निगम की टीम अतिक्रमण हटाने लगी तो नरेंद्र की बहन अंजू चावला ने हंगामा कर दिया। अंजू को महिला पुलिसकर्मी हटाने लगी तो उसने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता कर दी। अंजू ने हापुड़ में बीडीओ के पद पर तैनात अपनी बहन का भी रौब दिखाया, लेकिन टीम ने एक नहीं सुनी और अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। वहीं अंजू ने कहा कि वह अब कॉलोनी में सभी अवैध निर्माणों पर कार्रवाई कराएगी।
घर के बाहर अवैध निर्माण कर रखा था
एसओ पल्लवपुरम सुभाष अत्री का कहना है कि पल्लवपुरम फेज वन के सी पाकेट में एक व्यक्ति ने घर के बाहर अवैध निर्माण कर रखा था। नगर निगम की टीम पर ध्वतीकरण के आदेश थे, जिसके अनुसार यह कार्रवाई की गई। ध्वस्तीकरण के दौरान महिला ने हंगामा किया और अभद्रता भी की। महिला को समझाकर शांत करा दिया गया।
मकान का ताला लगाया
देर शाम महिला ने अतिक्रमण ध्वस्त कराने का कालोनीवासियों पर आरोप लगाते हुए घर के बाहर का रोड जाम कर दिया। पड़ोस में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति के मकान के बाहर का ताला लगाते हुए हंगामा कर दिया। कॉलोनी के लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझाकर शांत किया और ताला खुलवाया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि फिर ऐसा किया तो सख्त कार्रवाई होगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/