वेस्ट यूपी में झमाझम बारिश: जलभराव से कांवड़ियों को हुई दिक्कत, किसानों की बल्ले-बल्ले, आगे ऐसा रहेगा मौसम
वेस्ट यूपी में झमाझम बारिश : शहर में जलभराव होने से कांवड़ियों को काफी दिक्कत हुई। वहीं, तेज बारिश होने से किसानों की बल्ले-बल्ले हो गई। जानिए अगले तीन दिनों तक मौसम कैसा रहेगा।
विस्तार
मेरठ में शनिवार को तड़के करीब तीन बजे से शुरू हुई बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। तेज बारिश के चलते मौसम खुशनुमा हो गया है और तापमान में भी गिरावट आने से गर्मी से शहरवासियों को राहत मिली है। वहीं, लगातार हो रही बारिश से किसानों की बल्ले-बल्ले हो गई।
वेस्ट यूपी में बारिश का दौर अभी आगे भी ऐसा ही बना रहेगा। बताया गया कि 12 जुलाई तक मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। कहीं पर बारिश तेज तो कहीं पर मध्यम रहेगी।
वहीं, शनिवार की सुबह से फिर झमाझम बारिश शुरू हुई, जिसके चलते शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया और जनजीवन भी प्रभावित हुआ। वहीं, इस दौरान मौसम बदला-बदला दिखाई दिया।
उधर, आसमान पर काले बादलों के चलते वाहन स्वामियों को दिन में ही लाइट जलाकर हाईवे से निकलना पड़ रहा है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी वेस्ट यूपी में 12 जुलाई तक बारिश का दौर बना रहेगा। मानसून के सक्रिय होने के चलते हल्की से मध्यम बारिश होगी। कहीं पर बारिश तेज हो सकती है, कहीं पर हल्की रहेगी। मानसून की शुरुआत जुलाई माह में भी अच्छी रही है।
बारिश से किसानों की बल्ले-बल्ले, बेल वाली सब्जियों को होगा नुकसान
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. आर एस सेंगर का कहना है कि बारिश किसानों के लिए काफी लाभकारी होगी। सबसे ज्यादा बारिश से धान की फसल को लाभ मिलेगा। इस समय धान की बुआई तेजी से चल रही है। वेस्ट यूपी के किसान धान की बुवाई में लगे हुए हैं। धान, गन्ना, चारा आदि फसलों के लिए यह बारिश बहुत अच्छी रहेगी, जबकि बेल वाली फसलों के लिए बारिश से थोड़ा नुकसान होगा। इसलिए किसान बेल वाली फसलों में पानी को निकालने की उचित व्यवस्था रखें, जिससे उन्हें बचाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: हंगामा: बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवती को पकड़ा, तीन साल पहले दूसरे समुदाय के युवक से की थी कोर्ट मैरिज
जगह-जगह हुआ जलभराव, कांवड़ियों को हुई दिक्कत
धीरे-धीरे हरिद्वार से कांवड़ियों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। कांवड़िये कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। बारिश के चलते कांवड़ियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बारिश के चलते कांवड़िये भी सुरक्षित स्थान पर रुक गए।
यह भी पढ़ें: UP: होश उड़ा देगा ये सच, सुपारी किलर ने पूछताछ में खोले कई बड़े राज, सामने आया कहां बनते हैं अवैध हथियार