UP: मेरठ में महफूज नहीं बेटियां, रास्ते में पीछा कर परेशान करता आरोपी, छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ा
मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा छात्रा को रास्ते में परेशान करने और अश्लील मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा 19 वर्षीय छात्रा को लगातार परेशान करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी छात्रा का कॉलेज आते-जाते समय पीछा करता है और उसके मोबाइल फोन पर अश्लील संदेश भेजता है। डर और मानसिक तनाव के चलते छात्रा ने कॉलेज जाना तक छोड़ दिया है।
रातभर वीडियो कॉल कर डाल रहा दबाव
एल-ब्लॉक निवासी पीड़िता की मां ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात युवक काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा है। वह देर रात तक वीडियो कॉल करता है और जबरन दोस्ती करने का दबाव बना रहा है।
यह भी पढ़ें: Meerut: पिता की मौत की खबर मिलते ही घर लौट रहे थे बेटे, सड़क हादसे में एक की मौत, भाई गंभीर घायल
डर के साए में जी रही छात्रा
लगातार हो रही छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न से छात्रा बुरी तरह डर गई है। हालात इतने बिगड़ गए कि उसने अपनी पढ़ाई तक रोक दी। परिवार को आशंका है कि आरोपी की हरकतें किसी बड़ी घटना को जन्म दे सकती हैं।
पुलिस ने जांच शुरू की
शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।