दिन निकलते ही मुठभेड़: मेरठ में गैंगस्टर जाकिर गिरफ्तार, पैर में लगी पुलिस की गोली, 15 से ज्यादा हैं मुकदमे
मेरठ में सोमवार देर रात पुलिस और गैंगस्टर जाकिर उर्फ जट्टल के बीच मुठभेड़ हुई। गोली लगने से आरोपी घायल हुआ और गिरफ्तार कर लिया गया। जाकिर पर हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 15 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
विस्तार
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने सोमवार देर रात हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर जाकिर उर्फ जट्टल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जाकिर हरी मस्जिद के पास 12 फुटी गली का रहने वाला है और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। वह शातिर अपराधी है, जिस पर लूट, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे 15 से अधिक संगीन मुकदमे लोहिया नगर, परतापुर, ब्रह्मपुरी और लिसाड़ी गेट थानों में दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 28 अक्टूबर को आपके शहर में क्या हुआ
पुलिस ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे लिसाड़ी गेट क्षेत्र में गश्त के दौरान जाकिर को रोकने की कोशिश की गई तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके पास से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।