Meerut: जर्जर बिजली लाइन से दौड़ा करंट, खेत में चर रहे पांच सांडों की मौत, किसानों का धरना
मेरठ के बहसूमा क्षेत्र में जर्जर एलटी लाइन का करंट दौड़ता तार खेत में गिरने से पांच सांडों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर हंगामा किया और मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
विस्तार
मेरठ के बहसूमा में झुनझुनी बाईपास पर पेट्रोल पंप के सामने स्थित खेत में विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। खेत के ऊपर से गुजर रही पुरानी और जर्जर एलटी लाइन का करंट दौड़ता तार टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर पांच सांडों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में गुस्सा भड़क उठा। लोगों ने मौके पर पहुंचे जेई हस्तिनापुर सतवीर सिंह और एक्सईएन मवाना संजीव भट्ट पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।
किसानों की अगुवाई कर रहे समाजसेवी आकाश गुर्जर ने साफ कहा कि, 'जब तक फसल का मुआवजा नहीं मिलेगा और ये जर्जर लाइन नहीं बदली जाएगी, आंदोलन चलता रहेगा।
यह भी पढ़ें: UP: तांत्रिक के घर में दफ्न है रिहान की लाश? खेत में नहीं मिला शव, पीड़ित परिवार ने अब की ये मांग; तस्वीरें
10 हजार का आश्वासन भी नहीं माना
एक्सईएन संजीव भट्ट ने अपनी ओर से पीड़ित किसान सगीर को 10,000 की सहायता राशि देने और सरकारी मुआवजे का भरोसा दिलाया, लेकिन प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए।
थाना प्रभारी इंदु वर्मा ने सुझाव दिया कि खेतों के ऊपर से गुजरने वाली लाइनों के नीचे लोहे का जाल बिछाया जाए ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो। विद्युत विभाग और किसानों ने इस पर सहमति जताई।
मृत गोवंशों को जेसीबी से दफनाया गया
बाद में पांचों मृत सांडों को जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। इस पूरी घटना से इलाके में तनाव और रोष का माहौल बना रहा।