संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर और उससे संबंधित कॉलेजों में प्रवेश के लिए विवि ने एलएलएम की पहली मेरिट सूची जारी कर दी है। मेरिट से प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को तीन दिन का समय मिलेगा। विद्यार्थी शनिवार और तीन व चार अक्तूबर को प्रवेश करा सकेंगे। चार अक्तूबर तक कॉलेजों को प्रवेशित विद्यार्थियों को कंफर्म भी करना अनिवार्य होगा।
बता दें कि परिसर या कॉलेज में प्रवेश लेने के लिए छात्र अपनी लॉगइन आईडी से अपना पंजीकरण फॉर्म एवं ऑफर लेटर डाउनलोड करेंगे। इन दोनों के साथ अर्ह छात्र शैक्षिक प्रमाण पत्र, आरक्षण संबंधी प्रमाण पत्र, मूल निवास, आधार सहित समस्त प्रमाण पत्रों के साथ विभाग या कॉलेज में संपर्क करेंगे।
यदि कोई छात्र मेरिट में आने के बावजूद प्रवेश नहीं लेता तो उसे फिर ओपन मेरिट में मौका मिलेगा। वहीं, कॉलेजों में सीटों के मुद्दे पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। कॉलेज एसोसिएशन बीते वर्ष की संख्या से ही प्रवेश की मांग कर रही है जबकि विवि ने 50 फीसदी से अधिक सीटें कम कर दी हैं। कॉलेज इस फैसले के विरुद्ध हाईकोर्ट पहुंचे। यहां से विवि को निर्णय लेने के आदेश दिए गए।