अपराधी बेखौफ: मेरठ में दिनदहाड़े हत्या से दहला नौचंदी इलाका, घर में घुसकर युवक पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां
मेरठ में बुधवार सुबह नौचंदी थानाक्षेत्र में बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया गया कि यहां अपने घर में बैठे युवक पर अज्ञात बदमाशों ने गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस मौके पर पहुंची है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
विस्तार
मेरठ में बुधवार सुबह नौचंदी थानाक्षेत्र में बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया गया कि यहां सेक्टर-13 में पीर वाली गली में अपने घर में घुसकर युवक पर अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दी।
गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसने दम तोड़ दिया। वहीं दिनदहाड़े हत्या की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
यह भी पढ़ें: UP: बदमाशों को नहीं कानून का खौफ, बागपत में पशुओं का चारा लेने खेत में गए युवक को मारी गोली, घायल
जानकारी के अनुसार नौचंदी थाना क्षेत्र के सेक्टर-13 पीर वाली गली निवासी प्रदीप (28) पुत्र देवेंद्र की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह अपने घर में बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश पहुंचे और घर में घुसकर हत्या की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुई वारदात
बता दें कि नौचंदी थाना क्षेत्र की अति संवेदनशील पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर यह सनसनीखेज वारदात हुई है। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस टीम फिलहाल मृतक के घर पर ही मौजूद है।
वहीं हत्या की सूचना मिलने पर एसपी सिटी पीयूष कुमार, क्राइम क्राइम ब्रांच की टीम फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।