मवाना। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में तीन दिवसीय सुरक्षा एवं संरक्षा प्रशिक्षण के प्रथम बैच का समापन उत्साह और गरिमा से भरे वातावरण में संपन्न हुआ। अध्यक्षता प्राचार्य मनोज कुमार आर्य ने की। प्रशिक्षण प्रभारी नरेश कुमार ने प्रशिक्षण संचालक और मार्गदर्शक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन सत्र में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। तीन दिनों के दौरान प्रतिभागियों को आग से बचाव के उपाय, यातायात सुरक्षा, पर्यावरणीय सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वज्रपात से बचाव, आपदा के प्रकार और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक हेमलता, प्रतिमा यादव एवं प्रदीप कुमार ने सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक पहलुओं पर भी विशेष जोर दिया। प्रतिभागियों ने मॉकड्रिल, समूह चर्चाओं और वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से संकट की स्थितियों से निपटने की रणनीतियां सीखीं।