सुभारती यूनिवर्सिटी परिसर। रविवार रात करीब 10:10 का समय था। सुभारती अस्पताल में ज्यादातर तीमारदार ही दिख रहे थे। तभी कार सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां की तड़तड़ाहट से भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वहीं हत्या के मामले में फाइन आर्ट के छात्र का नाम सामने आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा सुभारती: बाउंसर की हत्या में सामने आया फाइन आर्ट्स के छात्र का नाम
गोली चलने के बाद करीब दो मिनट तक परिसर में सन्नाटा पसरा था। कोई सामने आने का साहस नहीं दिखा रहा था। तभी लकी नाम के युवक ने साहस दिखाया। वह दौड़कर उस जगह पहुंचा, जहां बाउंसर मनोज नागर खून से लथपथ पड़ा था। युवक दौड़कर स्ट्रेचर लेकर आया और कुछ लोगों को बुलाकर मनोज को स्ट्रेचर की मदद से अंदर इमरजेंसी में ले गया। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
सिर में गोली लगने के कारण मनोज की मौत हो चुकी थी। इसी दौरान घायलों को भी इन लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। मनोज नागर की हत्या की सूचना पाकर बहादरपुर गांव के लोगों का वहां तांता लग गया। ब्लॉक प्रमुख नितिन कसाना भी वहां पहुंच गए। इसी दौरान मनोज नागर के परिजन भी रोते-बिलखते वहां आ गये। कोहराम मच गया। मनोज के भाई और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। मौके पर पहुंचे एसएसपी नितिन तिवारी ने ब्लॉक प्रमुख नितिन कसाना से बात की।
पोस्टमार्टम का दिलाया भरोसा
मनोज नागर की हत्या की सूचना पाकर सुभारती में आसपास के गांव के लोग भी एकत्र होने लगे। मौके की नजाकत को देखते हुए कई थानों का फोर्स वहां बुला लिया गया। इसी बीच कुछ लोगों ने शव का रात में ही पोस्टमार्टम कराने की मांग की। एसपी सिटी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
फाइन आर्ट का स्टूडेंट शामिल
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि पूछताछ में सूरज शर्मा और मोहित दो नाम सामने आए। जबकि तीन हमलावरों की पहचान नहीं हुई। यह भी सामने आया है कि सूरज शर्मा सुभारती का फाइन आर्ट का स्टूडेंट हैं। जबकि मोहित महिला फैकल्टी का पति बताया जा रहा है। एसपी सिटी ने देर रात तक घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कार की पहचान होना बताया जा रहा है।
चेयरमैन ने की मदद की घोषणा
सुभारती के चेयरमैन डॉ. अतुल कृष्ण भी पहुंच गए। उन्होंने मनोज के परिवार को 10 लाख रुपये आर्थिक मदद, एक सदस्य को नौकरी की बात की।