ग्राउंड रिपोर्ट : बिजनौर के इस गांव पर भारी गुजरे डेढ़ माह, हो चुकी हैं 15 मौत, स्वास्थ्य विभाग नहीं ले रहा सुध
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि नांगलजट में 15 लोगों की मौत की सूचना है।बुधवार को टीम भेजकर बीमार लोगों की जांच कराई जाएगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हल्दौर थानाक्षेत्र के गांव नांगल जट में पिछले डेढ़ माह ग्रामीणों पर बहुत भारी गुजरे। करीब सात हजार की आबादी के इस गांव में डेढ़ माह में 15 से ज्यादा लोगों ने विभिन्न बीमारी व अन्य कारणों से जान गवां दी। इतने कम समय में मौत का बड़ा मौत का आंकड़ा देख ग्रामीणों में डर बना हुआ है। वहीं अभी भी कई लोग बीमार बताए जा रहे हैं। उधर, प्रशासन बुधवार को इस गांव में टीम भेजकर अभियान चलाने का दावा कर रहा है।
गांव नांगलजट की आबादी करीब सात हजार है। ग्रामीणों के अनुसार इस गांव में करीब डेढ़ माह से विभिन्न बीमारियों के चलते पूर्व प्रधान पति सुखबीर सिंह, ईश्वर सिंह, सरोज कोहली, सरदार सिंह, बलवीर सिंह, मोमीन, बसंता सिंह, विक्रम सिंह, राजेंद्र सिंह समेत 15 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं बिट्टू चौधरी, विकास कुमार, रविंद्र सिंह, लोकेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, टिल्लू सिंह, अनीता देवी, हार्दिक कुमार आदि विभिन्न बीमारियों से परेशान लोग अपना उपचार निजी चिकित्सकों के यहां करा रहे है। बीमार ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में शिविर लगाकर लोगों को दवाई वितरण कराएं जाने की मांग की है। हालांकि कुछ ग्रामीण मौत का आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा बता रहे हैं।
ग्रामीण बोले, कई व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत
ग्रामीण सरजीत सिंह, लोकेंद्र सिंह व बिट्टू चौधरी का कहना है कि गांव में कुछ दिनों से सफाई व्यवस्था नहीं की गई है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम शिविर लगाकर बीमार मरीजों का इलाज करती तो हालात सुधर सकते थे। वहीं नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान रेखा देवी का कहना है कि गांव में करीब आठ दिन से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही है।
गांव में चलाया गया था अभियान
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मदनपाल सिंह का कहना है कि उन्होंने गांव की आंबेडकर धर्मशाला में शिविर लगाकर करीब 90 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही आशाओं को डोर टू डोर जाकर लोगों के खांसी, नजला, जुकाम, बुखार आदि पीड़ितों के सैंपल लेकर दवाई किट वितरण करने के निर्देश दिए हैं।
गांव में भेजी जाएगी टीम: ज्वाइंट मजिस्ट्रेट
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि नांगलजट में 15 लोगों की मौत की सूचना है। वहां बुधवार को टीम भेजकर बीमार लोगों की जांच कराई जाएगी। उन्हें मेडिकल किट बांटी जाएगी, साथ ही डोर टू डोर सर्वे भी कराया जाएगा। हमारी टीम लगातार गांवों में काम कर रही है।