तेल-घी फैक्ट्री में एफडीए का छापा, इतना माल देख हैरान रह गए अधिकारी
एफडीए टीम ने सैंपल लेते हुए सारा सामान सीज किया
एक सूचना के आधार पर एफडीए की टीम पूर्वाह्न 11 बजे माधवपुरम सेक्टर-1 पहुंची। यहां एसटीएस ग्रुप की फैक्ट्री में उन्हें लाइसेंस आदि दिखाया गया। यहां टीम को अनियमितता नहीं मिली। इसके बाद एफडीए की टीम इसी ग्रुप की सेक्टर-3 स्थित फैक्ट्री गई, जहां बडे़ पैमाने पर अनियमितताएं मिलीं। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद देव ने बताया कि यह फैक्ट्री त्रिलोक चंद की है। यहां तेल, घी और रिफाइंड आदि की पैकिंग की जा रही थी। एफडीए टीम ने सैंपल लेते हुए सारा सामान सीज कर दिया। उन्होंने बताया कि त्रिलोक चंद के पास लाइसेंस नहीं था। एफडीए को संदेह है कि चावल की भूसी के तेल को सरसों के तेल में मिलाकर तेल तैयार किया जा रहा था, जिसे सरसों का तेल बताकर बेचा जा रहा होगा। सैंपल ले लिए गए हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। यह कार्रवाई करीब ढाई घंटे चली। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अलावा, असिस्टेंट कमिश्नर फूड एंड सेफ्टी राम नरेश यादव और अभिग्रहीत अधिकारी रणधीर सिंह आदि रहे।
फैक्ट्री संचालक त्रिलोक चंद का कहना है कि यह छापेमारी उनके खिलाफ साजिश है। उनके यहां कोई अनियमितता नहीं मिली है। सारे कागज पूरे हैं। उन्होंने बताया कि यह भी अफवाह फैलाई गई कि कि वह पूर्व पार्षद हैं, जबकि वह कभी पार्षद नहीं रहे।