मेरठ: कुशावली प्रकरण में प्राथमिकी की मांग पर थाने में धरना, पुलिस के आश्वासन पर माने किसान सेना के कार्यकर्ता
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के कुशावली गांव में मारपीट और महिला की सोने की चेन छीनने के आरोप में कार्रवाई की मांग को लेकर किसान सेना ने थाने पर धरना दिया।
विस्तार
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के कुशावली गांव में मारपीट और महिला की सोने की चेन छीनने के आरोप में कार्रवाई नहीं होने से नाराज किसान सेना के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को थाने पर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई। पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज करने और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिए जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
छोटी दिवाली के दिन हुई मारपीट का आरोप
पीड़ित पक्ष के गौतम सोम ने बताया कि छोटी दिवाली के दिन वह अपने घर से घेर की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी मां अंजू के साथ भी मारपीट की गई और उनके गले से सोने की चेन छीन ली गई।
गौतम के अनुसार, घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसी को लेकर किसान सेना के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया।
अवनीत पंवार के नेतृत्व में थाने पहुंचे कार्यकर्ता
किसान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अवनीत पंवार के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने पहुंचे। उन्होंने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक थाने में गहमागहमी बनी रही।
पुलिस के आश्वासन पर समाप्त किया धरना
बाद में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान सेना के कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
इस दौरान गौरव यादव, राकेश नागर, प्रशांत भार्गव, प्रिंस शर्मा, तेजा शर्मा, मिलन चौधरी, आकाश पंडित, बंटी और विष्णु सोम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।