यूपी : बेटी की तलाश में भटक रहे थे दर-दर, थाने पहुंचे तो पुलिस ने बताया कुछ ऐसा..., परिजनों के पैरों तले खिसकी जमीन
तहरीर देने के करीब एक घंटे बाद ही परिजन दोबारा थाने पहुंचे और बेटी का फोन आने की बात कही। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के जनपद अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली है।
विस्तार
मेरठ में परिजन अनहोनी की आशंका जताते हुए बेटी की तलाश में जुटे थे। थक हारकर जब वह उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे तो पता चला कि उनकी बेटी ने अलीगढ़ पहुंचकर परिजनों को बिना बताए ही अपनी जिंदगी का एक अहम फैसला कर लिया। पुलिस ने जब सच्चाई बयान की तो जैसे उनके पांव तले जमीन खिसक गई।
मेरठ के सदर की रहने वाली जिस युवती को गुमशुदा समझा जा रहा था, उसने अलीगढ़ में प्रेमी के साथ शादी रचा ली और वहीं रहने लगी। इस बात का खुलासा सोमवार को तब हुआ, जब परिजन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे। युवती ने परिजनों से बात की और बताया कि वह वहां खुश है। जानकारी लगते ही परिजन अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए।
सदर बाजार क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली दूसरे समुदाय की युवती करीब 11 दिन पूर्व घर से पार्लर जाने की बात कहकर निकली, लेकिन वापस नहीं आई। युवती के लापता होने से परिजन चिंतित हो गए। बताया गया है कि अगले माह युवती की बड़ी बहन की शादी है। इसके चलते परिजनों ने छोटी बेटी के लापता होने की बाद गोपनीय रखी। कई दिन तलाशने के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो सोमवार को परिवार के लोग थाने आ गए।
अनहोनी की आशंका जताते हुए उन्होंने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाने की तैयारी शुरू कर दी। परिजनों का कहना था कि उनकी बेटी 11 दिन पूर्व एक युवती के साथ जाने की बात कहकर निकली थी। उस युवती से संपर्क किया गया तो वह कोई जानकारी होने से पल्ला झाड़ने लगी।
तहरीर देने के करीब एक घंटे बाद ही परिजन दोबारा थाने पहुंचे जहां पुलिस ने उनकी बेटी का फोन आने की बात कही। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के जनपद अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली है। बताया कि उनकी बेटी का फोन आया लेकिन वह बेहद घबराई हुई थी। उसने बताया कि दूसरे समुदाय के युवक से उसकी शादी हो गई है।
पुलिस ने पहले ही जताया था शक
थाने में तहरीर देने पहुंचे परिजनों ने जब पुलिस को घटना की जानकारी दी तो पुलिस ने प्रेम-प्रसंग के बिंदु पर भी परिजनों से बात की लेकिन उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया। इंस्पेक्टर बिजेंद्र पाल राणा ने बताया कि युवती ने अपनी मर्जी से शादी की है। परिजन युवती को लेने के लिए रवाना हुए हैं। युवती के वापस आने पर पुलिस पूछताछ करेगी।