Lok Sabha Election 2024: पंजाबी समाज का बड़ा एलान, भाजपा से टिकट न मिला तो नोटा से देंगे जवाब
Lok Sabha Election 2024 : पंजाबी समाज ने बड़ा एलान किया है। कहा गया कि भाजपा की ओर से टिकट न मिलने पर पूरे समाज का वोट नोटा को जाएगा।
विस्तार
मेरठ में कई दशकों से लोकसभा, विधानसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से नेतृत्व नहीं मिलने की कसक पंजाबी समाज में है। शुक्रवार को पंजाबी समाज ने एकजुट होकर हापुड़-मेरठ लोकसभा सीट से पंजाबी समाज के व्यक्ति को टिकट देने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर संपूर्ण समाज का वोट नोटा की तरफ जाने का एलान किया।
बता दें कि समाज ने एकजुट होकर राजेश दीवान का नाम प्रस्तावित किया। सर्वसम्मति से राजेश दीवान के नाम को स्वीकार किया गया। इस बात की जानकारी संयुक्त पंजाबी के संस्थापक सदस्य सुरेश छाबड़ा ने छावनी स्थित 22 बी में हुई प्रेसवर्ता में दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुरेश छाबड़ा ने बताया कि अगर भाजपा ने राजेश दीवान को सांसद के लिए टिकट नहीं दिया तो संगठन संपूर्ण पंजाबी समाज की तीन से चार दिन में आपात बैठक बुलाएगा। टिकट न मिलने की सूरत में संपूर्ण समाज नोटा की तरफ जाएगा। उन्होंने बताया कि पंजाबी समाज भाजपा का जनसंघ के समय से कट्टर समर्थक रहा है।
संस्थापक सदस्य मनमोहन सिंह अहूजा ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से हम अपनी बात पार्टी हाईकमान तक पहुंचा रहे हैं। लोकसभा सीट हापुड़-मेरठ में पंजाबियों की संख्या दो लाख के आसपास है। भाजपा ने अभी तक पंजाबियों को लोकसभा में मौका नहीं दिया है। ऐसे में पंजाबी समाज में भारी आक्रोश है।
यह भी पढ़ें: Mission 2024: सपा की सूची जारी, बिजनौर-नगीना और मेरठ लोकसभा सीट से इन्हें उतारा मैदान में, देखें पूरी लिस्ट
संस्थापक सदस्य सुरेश सज्जनहार ने कहा कि दीवान परिवार जनसंघ के काल से भाजपा से जुड़ा है। अगर भाजपा को 400 सीट का लक्ष्य प्राप्त करना है तो पंजाबी को मौका दिया जाना चाहिए। इस दौरान रवि वोहरा, सतीश महाजन, पवन अहूजा, राजकुमार तनेजा, डॉ. एसके सूरी, सरदार राजेंद्र सिंह, सुनील वाधवा, पवन सोंधी, तिलक नारंग, महेश शर्मा आदि रहे।
यह भी पढ़ें: भानु प्रताप सिंह का पूरा प्रोफाइल: सपा ने प्रत्याशी बनाकर चौंकाया, पुराने चेहरे छोड़ नए पर चला ये बड़ा दांव