सियासी घमासान तेज: सपा में टिकट के 100 दावेदार, दो सीटें रालोद के खाते में जाने की संभावना, सरधना सीट पर भाजपा ने ठोंकी दावेदारी
इस बार सपा का रालोद से गठबंधन हो गया है, ऐसे में दो सीटें रालोद के खाते में जाने की उम्मीद है। सरधना सीट पर बेटी को टिकट दिलाने के लिए पूर्व विधायक चंद्रवीर सिंह ने लखनऊ में डेरा डाल दिया है। वहीं सरधना विधानसभा सीट से टिकट के लिए भाजपा में भी कई नेताओं ने दावेदारी ठोकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर से विधायक रफीक अंसारी एकमात्र जीते थे, इसलिए उनकी दावेदारी इस बार भी मजबूत है। इस बार सपा का रालोद से गठबंधन हो गया है, ऐसे में इस बार दो सीटें रालोद के खाते में जाने की उम्मीद है। दिग्गज जो अपनी किस्मत आजमाने की कोशिश करेंगे, उनमें हस्तिनापुर सीट से दो बार जीत चुके प्रभुदयाल वाल्मीकि, बसपा से आए पूर्व विधायक योगेश वर्मा, तीन बार किठौर से जीते पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर और सिवालखास से विधायक रह चुके गुलाम मोहम्मद प्रमुख हैं। सरधना से अतुल प्रधान फिर से टिकट के लिए दावेदारी की है।
सीट आवेदन करने वाले कुछ नेता
मेरठ कैंट संजीव गुप्ता, परविंद्र इशू, कौशल भदौड़ा
सिवालखास चौधरी राजपाल सिंह, गुलाम मोहम्मद, माजिद चौहान
सरधना अतुल प्रधान, गौरव प्रधान
किठौर शाहिद मंजूर, बाबर चौहान, यूसुफ सैफी
हस्तिनापुर प्रभुदयाल वाल्मीकि, योगेश वर्मा, विपिन मनोठिया
दक्षिण मेरठ आदिल चौधरी, पवन गुर्जर, इकरामुद्दीन सैफी, बदर अली
शहर मेरठ रफीक अंसारी, आदिल अंसारी
यह भी पढ़ें : यूपी चुनाव: चंद्रशेखर बोले- 13 जनवरी को होगा गठबंधन पर फैसला, पिता से किया था ये बड़ा वादा
बेटी के टिकट के लिए पूर्व विधायक का लखनऊ में डेरा
सपा-रालोद गठबंधन से सरधना सीट पर बेटी को टिकट दिलाने के लिए पूर्व विधायक चंद्रवीर सिंह ने लखनऊ में डेरा डाल दिया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में उनकी अखिलेश यादव से मुलाकात हुई है। उधर सपा नेता अतुल प्रधान अखिलेश से मिलकर लौट आए हैं।
सरधना सीट से सपा के टिकट पर लगातार दो बार अतुल प्रधान चुनाव लड़ चुके हैं। इस बार यहां से अतुल के अलावा 2007 में बसपा के टिकट पर सरधना से विधायक रहे चंद्रवीर सिंह की बेटी मनीषा भी टिकट की दौड़ में हैं। दोनों ही दावेदार अपना पक्ष मजबूत बता रहे हैं। उधर अतुल के साथ में योगेश वर्मा भी सपा सुप्रीमो से मिले हैं। योगेश हस्तिनापुर सीट से दावेदोरी कर रहे हैं। सत्यप्रकाश भराला के बेटे विनित भराला भी सपा से टिकट के लिए लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं।
यह भी पढ़ें : चुनाव में मुकाबला: भाजपा के सामने 54 सीटें बचाने की बड़ी चुनौती, विपक्षी पार्टियों के लिए वजूद का सवाल
बसंत कुंज की दौड़ लगा रहे रालोद नेता
चुनावी रणभेरी बजते ही रालोद नेताओं की दिल्ली के बसंत कुंज में चौधरी जयंत सिंह के आवास पर दौड़ शुरू हो गई है। सपा के साथ गठबंधन में सीट तय होने से पहले ही नेता अपने टिकट के न केवल खुद लामबंदी में जुट गए हैं बल्कि अपने समर्थकों को भी पैरवी के लिए भेजना शुरू कर दिया है। हालांकि दिल्ली दरबार से सीट तय होने के बाद ही प्रत्याशी घोषित किए जाने का आश्वासन दिया जा रहा है।
रालोद इस बार सपा के साथ गठबंधन करके चुनावी समर में ताल ठोकने जा रहा है। हालांकि अभी तक दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर समझौता नहीं हो सका है। कई सीटों को लेकर खींचतान चल रही है। आगामी 14 जनवरी से नामांकन शुरू होने हैं। बताया जा रहा है कि इसके पहले ही जयंत और अखिलेश सीटों की घोषणा कर देंगं। रविवार को रालोद के बाउंड्री रोड स्थित कार्यालय में बैठे नेता भी चुनाव की चर्चा में मशगूल रहे और गठंबंधन में मिलने वाली सीटों के बारें में चर्चा करते नजर आए थे।
सरधना से टिकट के लिए भाजपा में भी घमासान
सरधना विधानसभा सीट से टिकट के लिए भाजपा में भी कई नेताओं ने दावेदारी ठोकी है। भाजपा में वर्तमान में विधायक संगीत सोम के सामने पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, कपसाड़ गांव के सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट यशपाल सिंह सोम, तीन बार के विधायक रह चुके स्वर्गीय रविंद्र पुंडीर के बेटे उत्क र्ष पुंडीर और मैथना गांव से लघु प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष पुष्कर चौहान भी दावेदारी टिकट के लिए दावा ठोक रहे हैं।
मेरठ की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी आप
आम आदमी पार्टी जिले की सभी विधान सभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। 14 जनवरी तक सभी प्रत्याशियों की घोषणा का दावा किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने दावा किया कि आज हस्तिनापुर और मेरठ कैंट विधान सभा सीट के लिए पार्टी प्रत्याशी की घोषणा करेगी।
जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी का कहना है कि आप से चुनाव लड़ने के लिए दूसरे दलों के कई लोग आवेदन कर चुके हैं। सभी आवेदन पार्टी हाईकमान और प्रदेश कार्यालय लखनऊ को भेज जा चुके हैं। इनमें से मेरठ कैंट और हस्तिनापुर विधान सभा के लिए प्रत्याशी लगभग तय हो चुके हैं। जिनकी घोषणा आज हो जाएगी। इनका यह भी दावा है कि 14 जनवरी तक सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी उतार दिए जाएंगे। पार्टी के सभी कार्यकर्ता चुनाव के लिए जनसंपर्क में जुटे हैं।