UP: बागपत के किरठल में इंसानियत शर्मसार, कुत्ते को जबरन पिलाई शराब, वीडियो वायरल
Baghpat Crime News: रमाला क्षेत्र के किरठल गांव में कुत्ते को पकड़कर जबरन शराब पिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
किरठल गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां गली में घूम रहे एक कुत्ते को पकड़कर कुछ युवकों ने जबरन शराब पिला दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वीडियो में कैद हुई अमानवीय हरकत
वायरल वीडियो में किरठल गांव का एक युवक कुत्ते को पकड़कर बोतल से शराब पिलाता दिखाई दे रहा है। कुत्ता खुद को बचाने के लिए भागने का प्रयास करता है, लेकिन वीडियो बना रहा दूसरा युवक उसे पकड़कर शराब पिलाने की बात कहता है। इसके बाद युवक कुत्ते के मुंह में बोतल लगाकर उसे शराब पिला देता है।
यह भी पढ़ें: UP: वरिष्ठ सपा नेत्री शगुफ्ता खान का निधन, सियासी जगत में शोक की लहर, लंबे समय से थीं अस्वस्थ
सोशल मीडिया पर आक्रोश
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कई लोगों ने इसे पशु क्रूरता और अमानवीय व्यवहार बताया, वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर जांच अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पशु क्रूरता अधिनियम के तहत भी मामले की जांच कर रही है।