सरधना। तहसील क्षेत्र में तीन परिवारों के कुछ सदस्यों के विदेश से लौटने की सूचना पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके बारे में सूचना जुटाई। सीएचसी प्रभारी टीम के साथ संबंधित परिवार के लोगों से मिले और स्वास्थ्य संबंधी पूछताछ की। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी। सरधना नगर निवासी परिवार इटली से तो कुशावली निवासी परिवार के सदस्य थाईलैंड से एक माह पूर्व लौटे थे।
सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मोहल्ला आजादनगर निवासी युवती के हाल ही में इटली से लौटने की सूचना मिली थी। कुशावली गांव में भी एक युवती थाईलैंड से घूमकर आई है। दोनों ही परिवार करीब एक माह पूर्व विदेश से घूमकर आए थे। इनके बारे में मंगलवार को सूचना मिली। नगर निवासी युवती 20 जनवरी को इटली हनीमून के लिए गई थी। दो फरवरी को लौटी थी। वह गुरुग्राम में पति के साथ रहती है। इटली से लौटने के बाद वह सरधना नहीं आई। इसके बाद स्वास्थ्य टीम ने थाईलैंड से लौटी युवती के घर जाकर उसके स्वास्थ्य की जांच की। प्राथमिक जांच की सब कुछ सामान्य मिला। इसके बाद टीम जमालपुर गोमा गांव पहुंची वहां भी एक युवक के विदेश दौरे के संबंध में सूचना मिली थी, लेकिन उस नाम कोई युवक गांव में नहीं मिला। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेज दी गई है।